June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

स्वाति मालीवाल पर हमले के मामले में कहां पहुंची दिल्ली पुलिस की जांच?

ई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल पर हमले के मामले में दिल्ली पुलिस लगातार विभव कुमार से पूछताछ कर रही है। विभव कुमार पर स्वाति मालीवाल ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। कोर्ट से विभव कुमार की रिमांड दिल्ली पुलिस ने ली थी। विभव कुमार से पूछताछ के अलावा दिल्ली पुलिस अब उनको सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास ले जाकर क्राइम सीन भी रिक्रिएट करेगी। साथ ही दिल्ली पुलिस विभव कुमार को मुंबई ले जाएगी। दिल्ली पुलिस को पता चला है कि मुंबई में ही विभव कुमार ने अपना मोबाइल फोन फॉर्मेट किया था।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक विभव कुमार को मुंबई ले जाकर ये भी जांच की जाएगी कि फोन को फॉर्मेट करने से पहले विभव कुमार ने किन-किन लोगों से बात की थी। जरूरत हुई, तो उन लोगों को भी पुलिस तलब कर पूछताछ करेगी। विभव कुमार ने अपने मोबाइल का पासवर्ड देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में पुलिस कोशिश कर रही है कि फोन का जो डेटा मिटाया गया है, उसे किसी तरह हासिल किया जाए। स्वाति मालीवाल से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस अरविंद केजरीवाल के आवास से सीसीटीवी का डीवीआर भी जब्त कर चुकी है। अब पुलिस ये भी देख रही है कि क्या सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की गई है।

स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि सीसीटीवी के फुटेज डिलीट किए गए हैं। स्वाति मालीवाल का पुलिस ने जो मेडिकल कराया था, उसकी रिपोर्ट में पता चला है कि सांसद की आंख के नीचे, जबड़े और पैर में चोट है। स्वाति मालीवाल पर हमले के मामले में केजरीवाल के करीबी और सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर माना था कि उनकी पार्टी की सांसद से विभव कुमार ने बदसलूकी की, लेकिन बाद में आम आदमी पार्टी की नेता और केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि स्वाति मालीवाल ने बीजेपी के इशारे पर अरविंद केजरीवाल को फंसाने की कोशिश की और केजरीवाल जब नहीं मिले, तो विभव कुमार पर मारपीट का झूठा आरोप लगा दिया।