लोकसभा चुनाव के सातवें चरण की वोटिंग जारी, दोपहर 1 बजे तक 40.09% फीसदी पड़े वोट
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और अंतिम चरण की वोटिंग आज कराई जा रही है। इस चरण में भी तमाम दिग्गज उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां जानिए लोकसभा चुनाव के सातवें चरण की वोटिंग से जुड़े पल-पल के अपडेट।
लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण में 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक दोपहर 1 बजे तक 40.09% मतदान दर्ज हुआ है। बिहार में 35.65%ए हिमाचल प्रदेश में 48.63%, झारखंड में 46.80%, ओडिशा में 37.64%, पंजाब में 37.80%, उत्तर प्रदेश में 39.31%, पश्चिम बंगाल में 45.07%, चंडीगढ़ में 40.14% मतदान दर्ज हुआ है।
-पश्चिम बंगाल में कई जगह हिंसा की खबर है। टीएमसी और आईएसएफ के कार्यकर्ताओं में झड़प के अलावा दक्षिण 24 परगना में एक जगह ईवीएम और वीवीपैट को उग्र भीड़ ने तालाब में फेंक दिया। लोगों का आरोप था कि टीएमसी के कार्यकर्ता उनको वोट डालने नहीं दे रहे हैं। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक वीडियो शेयर कर दावा किया है कि डायमंड हार्बर सीट के एक बूथ पर कब्जा करने की टीएमसी की कोशिश को स्थानीय लोगों ने विफल कर दिया। इस सीट से ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी चुनाव लड़ रहे हैं।
-लोकसभा चुनाव का सातवां और अंतिम चरण आज हो रहा है। 7 राज्यों के अलावा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी वोटिंग चल रही है। सुबह 11 बजे तक सभी 8 जगह औसत 26.30 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी। बिहार में 24.25 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 31.92 फीसदी वोटिंग, झारखंड में 29.55 फीसदी, ओडिशा में 22.64 फीसदी, पंजाब में 23.91 फीसदी, यूपी में 28.02 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 28.10 फीसदी और चंडीगढ़ में 25.03 फीसदी वोटिंग सुबह 11 बजे तक हो चुकी थी।
-लोकसभा चुनाव के सातवें चरण की वोटिंग चल रही है। सुबह 9 बजे तक 7 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ को मिलाकर औसत 11.31 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी। चुनाव आयोग के मुताबिक बिहार में 10.58 फीसदी, चंडीगढ़ में 11.6 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 14.35 फीसदी, झारखंड में 12.15 फीसदी, ओडिशा में 7.69 फीसदी, पंजाब में 9.64 फीसदी, यूपी में 12.94 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 12.64 फीसदी वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।
मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी समेत ये दिग्गज
लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में तमाम दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी वोटर करने वाले हैं। सबसे हाई प्रोफाइल सीट वाराणसी की है। यहां बीजेपी की तरफ से पीएम नरेंद्र मोदी उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने वाराणसी सीट से अपने यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर मैदान में उतारा है। गोरखपुर सीट से रवि किशन बीजेपी के उम्मीदवार हैं। उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी ने काजल निषाद को टिकट दिया है। गाजीपुर से बीजेपी के पारसनाथ राय और सपा के अफजाल अंसारी में मुकाबला है। हिमाचल की मंडी सीट पर एक्ट्रेस कंगना रानौत बीजेपी की प्रत्याशी हैं। यहां से कांग्रेस ने राज्य के मंत्री विक्रमादित्य सिंह को उतारा है। बंगाल की डायमंड हार्बर सीट पर सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी चुनाव लड़ रहे हैं।
बिहार की पटना साहिब सीट से बीजेपी ने फिर रविशंकर प्रसाद को मौका दिया है। रविशंकर प्रसाद के खिलाफ अंशुल अभिजीत विपक्ष के प्रत्याशी हैं। बिहार की काराकाट सीट पर एनडीए के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं। उनके मुकाबले भोजपुरी सिंगर और एक्टर पवन सिंह बतौर निर्दलीय ताल ठोक रहे हैं। आरा से पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह बीजेपी के प्रत्याशी हैं। जबकि, पाटलीपुत्र सीट से लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती और बीजेपी के रामकृपाल यादव के बीच टक्कर है। वहीं, पंजाब की बठिंडा सीट पर अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल और बीजेपी की परमपाल कौर सिद्धू में मुकाबला है। पंजाब में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और परनीत कौर के भाग्य का भी आज फैसला होने वाला है। चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस के मनीष तिवारी को बीजेपी के संजय टंडन चुनौती दे रहे हैं।
