June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बारबाडोस में बेरिल चक्रवात का प्रचंड रूप, भारतीय टीम भी देश लौटने में नाकाम

बारबाडोस। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के सदस्य खुशी से भरे हुए थे, लेकिन अब बेरिल चक्रवात ने उनको बारबाडोस में फंसे रहने को मजबूर कर दिया है। बेरिल चक्रवात के कारण भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य अब तक बारबाडोस से निकल नहीं सके हैं। चक्रवात थमने के बाद उनके लिए रखा गया विशेष विमान उड़ान भर सकेगा।

भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल जीतने के बाद बारबाडोस से पहले न्यूयॉर्क जाना था और वहां से फ्लाइट लेकर भारत लौटना था। पहले भारतीय क्रिकेट टीम के मंगलवार को भारत पहुंचने की जानकारी थी, लेकिन बेरिल चक्रवात के कारण रोहित शर्मा की टीम बारबाडोस में ही फंस गई। उनका न्यूयॉर्क जाने का प्लान कैंसल हो गया। भारतीय क्रिकेट टीम को देश लाने के लिए बीसीसीआई ने चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की है, लेकिन बेरिल चक्रवात के कारण एयरपोर्ट बंद है और इस वजह से विमान उड़ान नहीं भर सकता। अब माना जा रहा है कि बुधवार को भारतीय टीम बारबाडोस से उड़ान भरेगी और फिर देश पहुंचेगी। फिलहाल सभी खिलाड़ी अपने होटल में हैं और सुरक्षित हैं। अगले सरकारी आदेश तक सभी क्रिकेटर को होटल में ही रहना होगा।

बेरिल चक्रवात के कारण बारबाडोस सरकार ने कर्फ्यू का एलान कर रखा है। सभी लोगों और पर्यटकों से अपने घर और होटल में रहने के लिए कहा गया है। बारबाडोस की पीएम मिया मोटली ने उम्मीद जताई है कि अगले 6 से 12 घंटे में एयरपोर्ट फिर काम करने लगेंगे। इसके बाद ही विमान सेवाएं भी शुरू होंगी। बेरिल चक्रवात को मौसम वैज्ञानिकों ने अब पांचवीं कैटेगरी का बताया है। यानी ये और खतरनाक हो चुका है। बेरिल चक्रवात को कैरिबियाई देशों में दूसरे सबसे भीषण की श्रेणी मिली हुई है। इसकी वजह से तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश होने की खबर है। जगह-जगह बिजली भी गुल होने की जानकारी पहले मिली थी। बताया जा रहा है कि बेरिल चक्रवात के कारण कैरिबियाई देशों में 250 किलोमीटर प्रति घंटे से भी तेज हवाएं चल रही हैं।