भारत के खिलाफ चीन की नई चाल का खुलासा, इस देश में बना रहा सैन्य अड्डा; सैटेलाइट तस्वीरों से तस्दीक
नई दिल्ली। भारत के खिलाफ चीन एक नया कुचक्र रच रहा है। इसकी जानकारी ताजा सैटेलाइट तस्वीरों से हो रही है। चीन हालांकि इससे इनकार कर रहा है, लेकिन सैटेलाइट की तस्वीरों से उसकी भारत विरोधी ताजा चाल सामने आ गई है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि चीन अब ताजिकिस्तान में सैन्य अड्डा बना रहा है। ताजिकिस्तान ऐसी जगह स्थित है, जहां से युद्ध की स्थिति में पाकिस्तान के रास्ते चीन भारत पर हमला कर सकता है।
चीन की तरफ से ताजिकिस्तान में सैन्य अड्डा बनाए जाने की जानकारी अंग्रेजी अखबार द टेलीग्राफ ने दी है। अखबार ने सैटेलाइट तस्वीरों को देखते हुए खबर दी है कि ताजिकिस्तान में चीन का सैन्य अड्डा बीते करीब 10 साल से बन रहा है। चीन का ये सैन्य अड्डा 13000 फिट की ऊंचाई पर है। मैक्सार टेक्नोलॉजीस की सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए पता चलता है कि ताजिकिस्तान में जहां सैन्य अड्डा बनाया जा रहा है, वहां हेलीपैड, चारदीवारी, सड़क और वॉच टावर दिख रहे हैं। ताजिकिस्तान में जिस जगह ये सैन्य अड्डा बन रहा है, वहां से अफगानिस्तान की सीमा बहुत करीब है। ताजिकिस्तान पहले सोवियत संघ का हिस्सा रहा है। ताजिकिस्तान की सीमा रूस, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से मिलती हैं। भारत की सीमा भी इसके करीब है।
ताजिकिस्तान मध्य एशिया का अहम देश है। बीते दिनों ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ताजिकिस्तान के दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने संबंधों को और मजबूत करने का एलान किया था। हालांकि, चीन ने ताजिकिस्तान में कोई सैन्य अड्डा बनाने का खंडन किया है। चीन का कहना है कि ताजिकिस्तान से इस बारे में कोई भी समझौता नहीं है। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि ताजिकिस्तान में आखिर 13000 फिट की ऊंचाई पर वॉच टावर, चारदीवारी और हेलीपैड आखिर कौन बना रहा है और किस वजह से? बता दें कि ताजिकिस्तान को भी चीन ने महत्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड परियोजना का हिस्सा बना रखा है।
