April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शेख हसीना ने अब इन देशों से मांगी शरण, ढाका से 205 लोगों को दिल्ली लाया एयर इंडिया का विशेष विमान

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सामने संकट लगातार गहराता जा रहा है। ब्रिटेन द्वारा शरण दिए जाने से इनकार और अमेरिका द्वारा शेख हसीना का वीजा रद्द करने के बाद अब वो दूसरे देशों की तरफ शरण के लिए प्रयासरत हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शेख हसीना अब यूएई और सऊदी अरब के विकल्पों पर विचार कर रही हैं। इस बीच एयर इंडिया का एक विशेष विमान 205 भारतीयों को ढाका से लेकर दिल्ली पहुंचा। विमान में सवार ज्यादातर भारतीय दूतावास के अधिकारी और कर्मचारी हैं।

उधर, डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़ने के बाद उनकी सरकार में शामिल कई मंत्री भी देश छोड़कर जा चुके हैं। हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे मोहिबुल हसन चौधरी और सहकारिता मंत्री मोहम्मद ताजुल इस्लाम बांग्लादेश छोड़कर किसी दूसरे देश चले गए हैं। वहीं, पूर्व वित्त मंत्री अबुल हसन महमूद अली, खेल मंत्री नजमुल हसन पापोन और ढाका साउथ सिटी कॉरपोरेशन के मेयर शेख फजले नूर तपोश भी देश छोड़कर जा चुके हैं। हालांकि ये लोग कहां गए हैं इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। आपको बता दें कि हसीना सरकार में विदेश मंत्री रहे डॉक्टर हसन महमूद को कल ही ढाका एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था।

ऐसा माना जा रहा है कि हसन महमूद भी देश छोड़कर जाने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उनको गिरफ्तार कर लिया गया। इस बीच बांग्लादेश में शेख हसीना को गिरफ्तार करने की मांग उठी है। बांग्‍लादेश के सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्‍यक्ष एम. महबूब उद्दीन ने भारत से शेख हसीना को गिरफ्तार कर ढाका वापस भेजने की मांग की है। एक और खबर यह भी है खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान आज बांग्लादेश वापस लौट रहे हैं। तारिक कई सालों से लंदन में रह रहे थे। वह आज शाम को ढाका में होने वाली एक रैली में शामिल होंगे।