‘ममता बनर्जी की सरकार के संरक्षण में अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या के आधार कार्ड बने…वो बंगाल का अस्तित्व खत्म कर रहीं…’
नई दिल्ली। कोलकाता में डॉक्टर के रेप और हत्याकांड के बाद बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर हमला और तेज कर दिया है। बीजेपी ने अब ममता बनर्जी पर आरोप लगाया है कि उनकी सरकार के संरक्षण में पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के आधार कार्ड तक बनाए गए हैं। बीजेपी के नेता और मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह ने ये आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने वोट के लालच में घुसपैठियों को लाल कालीन बिछाकर दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि ये पश्चिम बंगाल और भारत के लिए खतरनाक है। मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज ने कहा कि मां, माटी और मानुष की बात करने वाली ममता बनर्जी आज बंगाल के अस्तित्व को पूरी तरह खत्म कर रही हैं। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की।
ममता बनर्जी की टीएमसी और बीजेपी के बीच छत्तीस का आंकड़ा है। बीजेपी लगातार किसी न किसी मुद्दे पर ममता बनर्जी और टीएमसी को घेरती रही है। इस बार डॉक्टर के रेप और हत्या के बाद बीजेपी को फिर ममता बनर्जी को घेरने का मौका मिला है। वहीं, ममता बनर्जी भी हर बार की तरह बीजेपी के आरोपों पर पलटवार कर रही हैं। ममता बनर्जी ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बीते दिनों हुई तोड़फोड़ और विरोध जता रहे डॉक्टरों पर हमले का ठीकरा सीपीएम के साथ बीजेपी पर भी फोड़ा था। ममता बनर्जी ने कहा था कि ये घटना ‘राम और वाम’ के लोगों का किया धरा है।
अगर बंगाल में अवैध घुसपैठ की बात करें, तो ममता बनर्जी एक दौर में इसके खिलाफ काफी मुखर रही हैं। बंगाल में जब वाममोर्चा का शासन था, तब एक बार ममता बनर्जी ने लोकसभा में मुद्दा उठाया था कि राज्य में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिये भरते जा रहे हैं। यहां तक कि नाराज होकर उन्होंने उस वक्त अध्यक्ष के आसन पर कागज भी फेंके थे। अब उन्हीं ममता बनर्जी की सरकार पर आरोप लगता है कि वो बांग्लादेश के अवैध घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों को शरण दे रही हैं और उनका वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रही हैं।
