अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले हुए तीसरे सर्वे में कमला हैरिस को झटका, ट्रंप से रहीं पीछे; जानिए दोनों को मिल रहे समर्थन में कितना है फासला
वॉशिंगटन। अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति पद का चुनाव होना है। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में मौजूदा उप राष्ट्रपति कमला हैरिस डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी हैं। उनको पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप चुनौती दे रहे हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले सर्वे आ रहे हैं कि कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप में से किसकी जीत होगी। इसी तरह के एक सर्वे में कमला हैरिस को झटका लगा है।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के बारे में जो तीसरा सर्वे हुआ है, उसमें कमला हैरिस को डोनाल्ड ट्रंप से पीछे बताया गया है। इससे पहले के दो सर्वे में कमला हैरिस को डोनाल्ड ट्रंप पर मामूली बढ़त दिखाई गई थी। पेंसिलवेनिया में सिग्नल एंड इमरसन कॉलेज ने 800 लोगों में सर्वे कराया। जिसमें ट्रंप के पक्ष में 44 और कमला हैरिस के पक्ष में 43 फीसदी ने अपनी राय दी है। सिग्नल एंड इमरसन ने जुलाई में जो सर्वे कराया था, उसमें डोनाल्ड ट्रंप को इस बार के मुकाबले 2 फीसदी कम लोगों का समर्थन मिला था। वहीं, एमर्सन कॉलेज के सर्वे में डोनाल्ड ट्रंप को 49 और कमला हैरिस को 48 फीसदी लोगों का समर्थन देखा गया। ये सर्वे 1000 लोगों में कराया गया है। पेंसिलवेनिया में 19 इलेक्टोरल कॉलेज के वोट हैं।
अगस्त में ही आरएमजी रिसर्च ने नेपोलिटन न्यूज सर्विस के लिए अमेरिका में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वे कराया था। इसमें 2708 लोगों से सवाल पूछे गए थे। उस सर्वे में डोनाल्ड ट्रंप को 46 फीसदी लोगों ने समर्थन दिया था। जबकि, कमला हैरिस को समर्थन देने वाले 45 फीसदी थे। कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। नवंबर में अभी वक्त है। ऐसे में पासा पलट भी सकता है। हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि जो बाइडेन के मुकाबले कमला हैरिस को हराना उनके लिए आसान है। वहीं, कमला हैरिस के पक्ष में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन लगातार प्रचार कर रहे हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से भी प्रचार में कहा जा रहा है कि अगर ट्रंप फिर अमेरिका के राष्ट्रपति बने, तो वो देश को नुकसान पहुंचाएंगे।
