जम्मू कश्मीर में क्या फिर से आतंकवाद लाना चाहते हैं राहुल गांधी? कांग्रेस-एनसी गठबंधन पर भड़के योगी आदित्यनाथ
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने फारूक अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस और एनसी के गठबंधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशाना साधते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी जम्मू कश्मीर में फिर से आतंकवाद लाना चाहते हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस के घोषणा पत्र में भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा को क्षति पहुंचाने वाले बहुत सारे बिंदु हैं। ऐसे में एनसी के साथ गठबंधन के बाद कांग्रेस के देश विरोधी इरादे एक बार फिर सबके सामने आ गए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के मुकुट जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A का कलंक मिटाने के साथ ही बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर में विधान सभा चुनाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की थी और अब चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। यह चुनाव न केवल जम्मू कश्मीर के लोगों बल्कि लोकतंत्र में आस्था रखने वाले हर भारतीय के लिए महत्वपूर्ण है। इस चुनाव पर दुनिया की नजर है। ऐसे महत्वपूर्ण चुनाव में इंडी गठबंधन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस ने अब्दुल्ला एंड संस फैमिली प्राइवेट लिमिटेड की नेशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन करके फिर से अपने राष्ट्र विरोधी मंसूबों को सबके सामने रख दिया है। कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस का यह गठबंधन देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल खड़े करता है। यह गठबंधन भारतीय संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखने वाले हर व्यक्ति को चिंतित भी करता है।
आपको बता दें कि एक दिन पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के गठबंधन पर बरसते हुए राहुल गांधी से 10 सवाल किए थे। उन्होंने कहा था कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से ‘आर्टिकल 370 और 35A’ हटाने के बाद वर्षों से दलितों, आदिवासियों, पहाड़ियों और पिछड़ों के साथ हो रहे भेदभाव को ख़त्म करके उन्हें आरक्षण देने का काम किया है। क्या राहुल गांधी JKNC के घोषणापत्र में उल्लेखित दलितों, गुज्जर, बकरवाल और पहाड़ियों के आरक्षण को समाप्त करने वाले आरक्षण विरोधी प्रस्ताव का समर्थन करते हैं?
