किसान आंदोलन पर कंगना रनौत के बयान से बीजेपी ने जताई असहमति, भविष्य के लिए दी हिदायत
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत पर उनका बड़बोलापन भारी पड़ गया है। बीजेपी ने किसान आंदोलन पर दिए गए कंगना के बयान से असहमति जताते हुए किनारा कर लिया। इसके साथ ही बीजेपी ने कंगना को भविष्य में इस तरह की बयानबाजी से बयान की भी हिदायत दी। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि किसान आंदोलन को लेकर दिया गया कंगना रनौत का बयान पार्टी का मत नहीं है। पार्टी के नीतिगत विषयों में बोलने के लिए कंगना को न तो अनुमति है और न ही उनको बयान देने के लिए अधिकृत किया गया है।
बीजेपी ने कंगना को निर्देश दिया है कि वो भविष्य में इस तरह का कोई बयान न दें। बीजेपी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास तथा सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर चलने के लिए कृत संकल्पित है। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद कंगना ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान किसान आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि जो बांग्लादेश में हुआ वो हमारे यहां होते देर नहीं लगती अगर हमारे देश का शीर्ष नेतृत्व मजबूत नहीं होता। कंगना ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान वहां पर रेप हो रहे थे। वहां लाशें लटकी हुई थीं।
कंगना ने कहा था कि किसानों के हितकारी बिल वापस लिए जाने के बाद भी किसान वहां धरने पर बैठे हैं क्यों कि ये उनकी बहुत लंबी प्लानिंग थी। इतना ही नहीं कंगना ने इस षड्यंत्र के पीछे अमेरिका और चीन जैसी विदेशी ताकतों का हाथ बताया। कंगना के इस बयान के बाद से ही काफी हो हल्ला मचा हुआ था। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने कंगना से माफी मांगने की मांग की थी। कंगना अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। अब बीजेपी ने अब कंगना को भविष्य के लिए भी अल्टीमेटम दे दिया है।
