February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अफगानिस्तान में 5.7 तीव्रता का भूकंप, पाकिस्तान से लेकर दिल्ली तक हिली धरती

नई दिल्ली। अफगानिस्तान में आज भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकम्प की तीव्रता 5.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र काबुल के पास धरती से 255 किमी की गहराई में दर्ज किया गया है। अफगानिस्तान में सुबह 11 बजकर 26 मिनट पर आए भूकंप का असर दिल्ली में भी महसूस किया गया। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। खबर लिखे जाने तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

सुबह जैसे ही भूकंप से धरती हिली लोग अपना काम छोड़कर घरों और दफ्तरों से बाहर खुले स्थान पर आ गए। इस महीने में यह दूसरी बार है जब भूकंप के झटकों से अफगानिस्तान की धरती हिली है। लगभग दो सप्ताह पहले भी अफगानिस्तान में 4.8 की तीव्रता का भूकंप आया था, हालांकि गनीमत यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि या अन्य कोई नुकसान नहीं हुआ था।

अफगानिस्तान में पिछले साल 6.3 तीव्रता का बहुत ही जबर्दस्त भूकंप आया था जिसमें लगभग 4 हजार लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इसके अतिरिक्त हजारों की संख्या में लोग घायल हुए थे। इस आपदा में बहुत से लोगों का घर और अन्य कई तरह की संपत्तियां तबाह हो गई थीं।

भूकंप आने का कारण
वैज्ञानिकों के अनुसार पृथ्वी की चार परतों को इनर कोर, आउटर कोर, मेंटल और क्रस्ट कहा जाता है। पृथ्वी के नीचे मौजूद प्लेट्स घूमती रहती हैं, जब ये प्लेट्स आपस में टकराकी हैं तो धरती की सतह पर कंपन शुरू होता है और जब ये प्लेट्स अपने स्थान से खिसकती हैं तो धरती हिलने लगती है और झटके महसूस किए जाते हैं इसे ही भूकंप कहा जाता है। जब भूंकप आता है तो पृथ्वी के नीचे से ऊर्जा तरंगे निकलती हैं। इन ऊर्जा तरंगों को रिक्टर स्केल के जरिए मापा जाता जिससे भूकंप की तीव्रता पता चलती है।