कुमारी सैलजा को कांग्रेस से बड़ा झटका, हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं मिलेगा
नई दिल्ली। हरियाणा से कांग्रेस की सांसद कुमारी सैलजा को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा में वो विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती थीं, लेकिन पार्टी ने साफ कर दिया है कि किसी भी सांसद को टिकट नहीं दिया जाएगा। राज्य में कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने बुधवार को साफ कर दिया है कि पार्टी किसी भी सांसद को हरियाणा में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने दिया जाएगा। एक पत्रकार के सवाल पर दीपक बाबरिया ने कहा कि किसी भी सांसद को इजाजत नहीं दी जाएगी। कुमारी सैलजा ने बीते दिनों न्यूज एजेंसी पीटीआई के एक इंटरव्यू में कहा था कि वो हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं और राज्य में काम करने की इच्छुक हैं। हालांकि, उनका कहना था कि इस बारे में कांग्रेस आलाकमान को फैसला करना है।
कुमारी सैलजा दलित समुदाय से आती हैं और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता भी हैं। कुमारी सैलजा और हरियाणा के सीएम रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच तनातनी की खबरें जगजाहिर हैं। दोनों के बीच टकराव का मसला राहुल गांधी तक जा चुका है। कुमारी सैलजा को हरियाणा का सीएम चेहरा बताने वाले तमाम पोस्टर बीते दिनों राज्य में लगे थे। इसे सैलजा की तरफ से दावेदारी का संकेत माना जा रहा था, लेकिन अब हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने सांसदों को टिकट न देने की बात कहकर साफ कर दिया है कि फिलहाल पार्टी कुमारी सैलजा को हरियाणा की सत्ता तक नहीं पहुंचने देना चाहती।
बीजेपी ने कुमारी सैलजा को टिकट न दिए जाने के मुद्दे पर तंज कसा है। पार्टी ने कहा है कि भूपेंद्र हुड्डा ने फिर अपनी चलाई। दीपेंद्र के साथ सैलजा भी निपटाई। बीजेपी ने कहा है कि भूपेंद्र हुड्डा कांग्रेस के तालाब का वो मगरमच्छ है, जिसने तालाब की सारी मछलियां खा ली हैं, लेकिन पेट अब तक नहीं भरा है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने न तो हरियाणा को आगे बढ़ने दिया और न ही कांग्रेस के किसी अन्य नेता को। बीजेपी ने कहा है कि कांग्रेस में सिर्फ परिवारवाद चलता है।
