August 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में अंतरिक्ष से ही डालेंगे वोट

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स ने स्पेस स्टेशन से ही एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने बताया कि 5 नवंबर को होने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में वो अंतरिक्ष से मतदान करने की योजना बना रहे हैं। भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, एक नागरिक के रूप में वोट देना हमारा बहुत महत्वपूर्ण कर्तव्य है और हम अंतरिक्ष से मतदान करने में सक्षम होने के लिए उत्सुक हैं, जो बहुत अच्छा अनुभव है।

सुनीता और बुच ने अमेरिकी चुनाव में वोट डालने के लिए नासा से पोस्टल बैलट का अरेंजमेंट करने की गुजारिश की है। नासा यह सुनिश्चित कर रहा कि हम अंतरिक्ष से वोट दे सकें। आपको बता दें कि इसी साल जून में सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को स्टारलाइनर यान के जरिए सिर्फ 8 दिनों के लिए अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भेजा गया था। मगर वहां पहुंचने के बाद स्टारलाइनर यान में तकनीकी खराबी के चलते उसमे हीलियम का रिसाव होने लगा। लाख कोशिश के बावजूद हीलियम रिसाव को रोका नहीं जा सका जिसके चलते उनकी अंतरिक्ष से वापसी टलती गई।

अभी 7 सितम्बर को ही स्टारलाइनर यान को इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों के बिना भी वापस लाया गया। अमेरिका में न्यू मैक्सिको के व्हॉइट सैंड स्पेस हॉर्बर (रेगिस्तान) में तीन बड़े पैराशूट की मदद से स्टारलाइनर यान की सफल लैंडिंग कराई गई। अब सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को धरती पर सुरक्षित वापस लाने के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स के यान को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजा जाएगा। इस स्पेस क्राफ्ट से ही इन दोनों को धरती पर लाया जाएगा मगर इसमें फरवरी तक का समय लगेगा। जिसके चलते सुनीता और बुच को अभी कई महीने अंतरिक्ष में काटने होंगे।