April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग को साहित्य का नोबेल पुरस्कार

नई दिल्ली। इस साल साहित्य का नोबेल पुरस्कार दक्षिण कोरिया की लेखिका हान कांग को मिला है। हान कांग को उनके गहन काव्यात्मक गद्य के लिए प्रतिष्ठित नोबेल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस गहन काव्यात्मक गद्य में हान कांग ने ऐतिहासिक आघातों का सामना करते हुए मानव जीवन की नाजुकता को उजागर किया है। हान कांग ने अपने इस काव्यात्मक गद्य में ग्वांगजू शहर में हुई एक ऐतिहासिक घटना को अपनी राजनीतिक नींव के रूप में उजागर किया है, जहां वह खुद पली-बढ़ी थीं और जहां 1980 में दक्षिण कोरियाई सेना द्वारा किए गए नरसंहार के दौरान सैकड़ों छात्रों और निहत्थे नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। हान कांग की शैली, दूरदर्शी होने के साथ-साथ संक्षिप्त भी है। हान कांग साहित्यिक पृष्ठभूमि से ही आती हैं। उनके पिता एक प्रतिष्ठित उपन्यासकार हैं।

आपको बता दें कि इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा का आज चौथा दिन है। 7 अक्टूबर से नोबेल पुरस्कारों की घोषणा शुरू हुई थी। सबसे पहले चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा की गई। इस साल का चिकित्सा का नोबेल अमेरिकी वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को दिए जाने का ऐलान किया गया है। विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को माइक्रो आरएनए की खोज के लिए यह सम्मान दिया गया है। इसके बाद 8 अक्टूबर को भौतिकी के क्षेत्र में दिए जाने वाले नोबेल विजेता का नाम एनांउस किया गया। वैज्ञानिक जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को साल 2024 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

जॉन हॉपफील्ड और जेफ्री हिंटन को मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने वाली खोजों के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा। जबकि वैज्ञानिक डेविड बेकर, डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जम्पर को केमिस्ट्री के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनके नामों की घोषणा 9 अक्टूबर को की गई। डेविड बेकर को ‘कम्प्यूटेशनल प्रोटीन डिजाइन के लिए’ नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जम्पर को संयुक्त रूप से ‘प्रोटीन संरचना भविष्यवाणी के लिए’ यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया जाएगा।