April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Gold Rate: लगातार नई ऊंचाई छू रहे सोने के भाव, ताजा कीमत जानकर छूट सकता है आपका पसीना!

नई दिल्ली। सोना लगातार नई ऊंचाई छू रहा है। सोने की कीमत में त्योहारी सीजन की वजह से बढ़ोतरी देखी जा रही है। सोने की कीमत शुक्रवार को 600 रुपए प्रति 10 ग्राम और बढ़ गई। इससे 24 कैरेट यानी शुद्ध सोने के 10 ग्राम की कीमत 77410 रुपए हो गई। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत 70908 रुपए और 18 कैरेट सोने की कीमत 58058 रुपए पर पहुंच गई। सोने की कीमत का ये नया रिकॉर्ड है। इस साल की बात करें, तो जनवरी से अब तक सोने की कीमत में 14000 रुपए बढ़ोतरी हो चुकी है।

दूसरी तरफ, चांदी की कीमत भी आसमान छू रही है। बुलियन बाजार के मुताबिक शुक्रवार को चांदी की कीमत में 683 रुपए का उछाल आया। इससे 1 किलो चांदी की कीमत 92283 रुपए हो गई। इससे पहले चांदी का ऑलटाइम हाई 29 मई 2024 को रहा था। उस तारीख को 1 किलो चांदी 94280 रुपए की हुई थी। इस तरह दोनों ही कीमती धातुओं के भाव में उछाल नजर आ रहा है। ये हाल तब है, जबकि केंद्र सरकार ने सोने पर कस्टम ड्यूटी को कम किया है। माना जा रहा है कि निवेश के लिए लोग सोने की खरीदारी कर रहे हैं। इस वजह से सोना लगातार महंगा हो रहा है।

अभी करवा चौथ है। इसके बाद दिवाली का त्योहार इसी महीने के अंत में है। करवा चौथ और दिवाली पर लोग खूब सोना खरीदते हैं। इन दोनों त्योहारों के बाद शादी का सीजन शुरू होने वाला है। शादी में भी लोग सोने और चांदी के जेवर खरीदते हैं। ऐसे में फिलहाल सोने और चांदी के भाव कम होने की गुंजाइश कम है। बाजार के जानकार पहले ही कह चुके हैं कि 2025 में सोने की कीमत 1 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक हो सकती है। ऐसे में आम लोगों के लिए सोना खरीदना किसी सपने जैसा भी बन सकता है।