डोनाल्ड ट्रंप की बढ़त पर एलन मस्क खुशी से झूमे, सोशल मीडिया पर शेयर की सिंक के साथ फोटो
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में जारी वोटो की गिनती के बीच रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस को पछाड़ते हुए जबर्दस्त बढ़त बना ली है। अभी तक आए रुझानों के मुताबिक ट्रंप सभी 7 स्विंग स्टेट्स में लीड लेते हुए बहुमत से कुछ ही सीटें दूर रह गए हैं। वहीं ट्रंप की इस बढ़त पर उनके समर्थक स्पेस एक्स समेत कई कंपनियों के मालिक एलन मस्क खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। मस्क ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर सिंक के साथ अपनी एक बहुत ही मजेदार फोटो भी शेयर की है। इस फोटो में मस्क ने कैप्शन लिखा है ’Let that sink in’.
मस्क ने जो कैप्शन अपनी पोस्ट पर लिखा है वो दरअसल एक मुहावरा है। इस मुहावरे का इस्तेमाल हमेशा चौंकाने वाले या दिलचस्प चीजों पर जोर देने के लिए किया जाता है। मस्क की इस फोटो को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। मस्क और ट्रंप के समर्थक इस पर मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। इससे पहले मस्क ने एक और फोटो अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट की थी। इस फोटो में एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप डाइनिंग टेबल पर बैठकर आपस में बात करते हुए नजर आ रहे हैं।
इस फोटो पर भी ट्रंप ने बहुत ही मजेदार कैप्शन लिखा था। मस्क ने लिखा था, भविष्य ऐसा ही होने वाला है। अब जब मस्क की उम्मीद सही होती नजर आ रही है तो अपनी खुशी को जाहिर करने के लिए उन्होंने दूसरी पोस्ट की। इससे पहले भी कई मौकों पर एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप को साथ साथ देखा गया है। इससे डोनाल्ड ट्रंप के साथ मस्क के गहरे रिश्तों का भी पता चलता है। आपको बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में एलन मस्क ने खुलकर रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को सपोर्ट किया है।
