March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ज्ञानवापी और भोजशाला के बाद अब संभल की जामा मस्जिद का सर्वे, हिंदू मानते हैं भगवान विष्णु के कल्कि अवतार से जुड़ा श्रीहरिहर मंदिर

संभल। वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद और मध्य प्रदेश की भोजशाला के बाद अब यूपी के संभल की जामा मस्जिद चर्चा में है। जामा मस्जिद के चर्चा में आने की वजह चंदौसी कोर्ट का एक आदेश है। चंदौसी में सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह ने संभल की जामा मस्जिद के कोर्ट कमिश्नर से सर्वे के आदेश दिए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार की शाम यहां 2 घंटे सर्वे भी हुआ। इस दौरान मस्जिद के भीतर तमाम जगह के फोटो और वीडियो लिए गए। दरअसल, महंत ऋषिराज गिरि ने कोर्ट में याचिका दी है कि संभल की जामा मस्जिद को मुगल बादशाह बाबर ने श्रीहरिहर मंदिर गिराकर बनवाया था।

हिंदू पक्ष की ओर से कोर्ट में वकील विष्णु शंकर जैन ने मंगलवार को ही दोपहर अर्जी दी थी। जिस पर कोर्ट ने सुनवाई कर सर्वे का आदेश दिया था। हिंदू पक्ष का ये भी कहना है कि श्रीहरिहर मंदिर के बारे में मान्यता है कि कलियुग में यहीं भगवान विष्णु के दशम कल्कि अवतार को जन्म लेना है। संभल के जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंदू और मुस्लिम पक्ष के वकीलों के अलावा प्रशासन के अफसर भी मौजूद थे। वहीं, मुस्लिम पक्ष ने महंत ऋषिराज गिरि को मस्जिद के भीतर नहीं जाने दिया। दूसरी तरफ कोर्ट की तरफ से हिंदू पक्ष की अर्जी पर कमीशन बनाकर जामा मस्जिद के सर्वे का आदेश देने पर मुस्लिम पक्ष के तमाम लोग मस्जिद के सामने जुट गए और नारेबाजी करने लगे। संभल के एसपी केके बिश्नोई ने लोगों को समझाकर मौके से हटाया। हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन के मुताबिक संभल की जामा मस्जिद में नॉन इन्वेसिव तरीके से सर्वे होगा। यानी यहां कोई तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। ये सर्वे आज भी जारी रहने की उम्मीद है।

फिलहाल वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद और मध्य प्रदेश की भोजशाला की ही तरह संभल की जामा मस्जिद के श्रीहरिहर हिंदू मंदिर होने का मामला भी ऊंची अदालतों तक जाने के आसार हैं। बता दें कि प्राचीन काल से माना जाता है कि भगवान विष्णु कलियुग में फिर अवतार लेंगे। भगवान विष्णु के अवतार का नाम कल्कि होगा। कल्कि अवतार के बारे में कहा ये जाता है कि वो यूपी के मौजूदा संभल जिले में जन्म लेंगे। भगवान विष्णु के कल्कि अवतार के बारे में कहा जाता है कि वो एक बार फिर धरती को पाप से मुक्त करेंगे। इसके लिए उनके पास सफेद घोड़ा होगा। जिस पर सवार होकर हाथ में तलवार लिए हुए कल्कि अवतार पापियों का नाश करेंगे।

More Stories

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.