April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी ने आप विधायक नरेश बालियान पर वसूली गैंग चलाने का लगाया आरोप, गैंगस्टर के साथ बातचीत का ऑडियो क्लिप जारी किया

नई दिल्ली। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान का एक ऑडियो क्लिप जारी किया है। इस क्लिप में बालियान की एक गैंगस्टर के साथ बातचीत हो रही है। बीजेपी का आरोप है कि नरेश बालियान गैंगस्टर के साथ मिलकर वसूली गैंग चलाते हैं। बीजेपी दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और प्रवक्ता गौरव भाटिया ने साझा प्रेस कांफ्रेंस करते हुए इस ऑडियो को जारी किया है। आप विधायक गैंगस्टर से ऑडियो क्लिप में बिल्डर से पैसा वसूल कर आपस में बांटने की बात कर रहे हैं। बीजेपी ने हवाला के जरिए लेने देन का भी आरोप लगाया।

वीरेंद्र सचदेवा का आरोप है कि इस ऑडियो क्लिप में आप विधायक नरेश बालियान गैंगस्टरों को रंगदारी वसूलने के टिप्स दे रहे हैं। इसका मतलब यह है कि जिन्हें दिल्ली की जनता ने चुना है, वे राष्ट्रीय राजधानी की जनता को लूटने का काम कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि एक विधायक संकेत दे रहा है कि एक खास बिल्डर, एक खास व्यक्ति को फोन पर धमकाओ। जब उसे अपनी  जान पर खतरा महसूस होगा तो उससे फिरौती की मांग की जाएगी। हवाला के जरिए फिरौती और वूसली होगी और उसे बांटा जाएगा। ये किसी विधायक का चरित्र नहीं हो सकता।

बीजेपी नेता ने कहा, यह चिंताजनक है कि एक चुनी हुई सरकार दिल्ली वासियों को धमकाती है और उनकी जान पर  खतरा बना रहे यह सुनिश्चित करती है। मैं पूछना चाहता हूं कि अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सीएम आतिश क्या नरेश बालियान पर कार्रवाई करेंगे?  गौरव भाटिया ने कहा कि एक भ्रष्ट आम आदमी पार्टी अब कट्टर अपराधियों की पार्टी बन गई है। ‘गुंडा’ आप का सबसे बड़ा समर्थक कौन है? इसके सबसे बड़े समर्थक गैंगस्टर हैं जो खुलेआम पैसा वसूलते हैं। क्या संविधान की शपथ लेने वाले विधायक का काम निर्दोष नागरिकों को धमकाना और अरविंद केजरीवाल की सहमति से जबरन वसूली रैकेट चलाना है?