‘बाबर ने जो किया वही संभल और बांग्लादेश में हो रहा…इन तीनों का डीएनए एक
अयोध्या। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुगल बादशाह बाबर के दौर को संभल में उपद्रव और बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा से जोड़ा है। अयोध्या में गुरुवार को सीएम योगी ने रामायण मेला का शुभारंभ करने के बाद जनसभा की। इस जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों से फिर अपील की कि वे बांटने वाले तत्वों के झांसे में न आएं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस तरह 500 साल पहले बाबर के सिपहसालार ने अयोध्या में किया। जो संभल में हुआ और जैसा बांग्लादेश में हो रहा है, तीनों की प्रकृति एक जैसी है। योगी ने कहा कि तीनों के डीएनए एक जैसे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि जनता गलतफहमी में न रहे। उन्होंने कहा कि अगर कोई ये मानता है कि बांग्लादेश में हो रहा है, तो यहां भी बांटने वाले तत्व उनके लिए खड़े हुए हैं। ऐसे तत्व सामाजिक ताने-बाने को खत्म करना चाहते हैं। योगी आदित्यनाथ पिछले कुछ समय से लगातार लोगों को न बंटने की सलाह दे रहे हैं। योगी आदित्यनाथ का दिया नारा ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ बहुत तेजी से जनता के बीच अपनी पैठ बनाता दिखा था। हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के दौरान भी योगी आदित्यनाथ के बंटेंगे तो कटेंगे नारे का असर दिखा। योगी के फोटो समेत इस नारे के पोस्टर और होर्डिंग लगे थे। यहां तक कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस नारे को आधार बनाकर लोगों को ‘एक हैं तो सेफ हैं’ का नारा दिया था। सुनिए सीएम योगी आदित्यनाथ का ताजा बयान।
योगी आदित्यनाथ संप्रदायवाद के घोर विरोधी हैं। अपनी सरकार में इसे उन्होंने साबित भी कर दिखाया है। उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए योगी आदित्यनाथ पहचाने जाते हैं। उन्होंने संभल या कहीं और हिंसा करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश अपने अफसरों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने 2017 में यूपी के सीएम के तौर पर कमान संभाली थी। इसके बाद उन्होंने अपराधियों के खिलाफ पुलिस से मोर्चा खुलवाया था। नतीजे में दर्जनों इनामी अपराधी ढेर किए गए और अन्य को जेल भेजा गया। तमाम उपद्रवियों और अपराधियों के घरों पर भी योगी आदित्यनाथ की सरकार बुलडोजर चलवा चुकी है।
