बांग्लादेश सरकार हिंदुओं को अलग जगह देकर बनाए हिंदू राष्ट्र
नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के विरोध में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने सनातन न्यास फाउंडेशन की तरफ से संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की स्थापना मानवता को प्रभावित करने वाले किसी भी संकट से निपटने और अत्याचार होने पर हस्तक्षेप करने के लिए की गई थी। आज जब बांग्लादेश की सरकार हिंदुओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है तो उसे हिंदुओं को एक अलग स्थान देकर हिंदू राष्ट्र बनाना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र इसमें जिम्मेदारी निभाए और हिंदू राष्ट्र बनवाकर बांग्लादेश का विभाजन करे। ठाकुर ने कहा कि हिंदुओं के बिना बांग्लादेश नहीं बनता, हमारी सेना नहीं लड़ती देती तो बांग्लादेश नहीं बनता। हमने कुर्बानी दी है और हमारा उस पर अधिकार है।
देवकीनंदन ठाकुर बोले, बांग्लादेश में, हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा है। उनके घरों को जलाया जा रहा है, दुकानों को लूटा जा रहा है, मंदिरों को नष्ट किया जा रहा है और पुजारियों को गिरफ्तार कर उनके वकीलों को अदालतों तक पहुंचने से रोका जा रहा है, महिलाओं की इज्जत लूटी जा रही है, उनको घरों से बाहर निकाल कर सड़कों पर खींचा जा रहा है, यह जुल्म नहीं तो क्या है, क्या यह संयुक्त राष्ट्र के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा नहीं है? क्या इसलिए कि वे हिंदू हैं संयुक्त राष्ट्र ने इस मामले पर बोलने से मना कर दिया है?
दूसरी तरफ राजस्थान के भीलवाड़ा में भी लोगों ने बांग्लादेश के विरुद्ध गुस्सा जाहिर किया। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आज भीलवाड़ा के बाजार बंद रहे। “सर्व हिंदू समाज” ने स्थानीय नेताओं के नेतृत्व में एक आक्रोश रैली का आयोजन किया, जो शहीद चौक से शुरू हुई और जिला कलेक्टर कार्यालय पर समाप्त हुई, जहां एक ज्ञापन सौंपा गया। इस रैली में इस्कॉन पुजारी की गिरफ़्तारी, हिंदुओं पर हमले, धार्मिक स्थलों को नष्ट करना और दुष्कर्म की निंदा की गई।
