दिल्ली सीएम आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को चुनाव मैदान में उतार सकती है कांग्रेस
नई दिल्ली। दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीएम आतिशी के खिलाफ कांग्रेस अलका लांबा को कालकाजी सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस महिला के खिलाफ महिला उम्मीदवार को खड़ा करके आम आदमी पार्टी के खिलाफ बड़ा दांव चलने वाली है। सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने तो विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान भी कर दिया है। कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक में आज कई नामों पर सहमति बन गई है। कांग्रेस अब जल्द ही अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक में आज 35 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर चर्चा की गई जिनमें से 28 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल भी हो गए हैं। बाकी बची 7 सीटों पर भी जल्द सहमति बन जाएगी। कांग्रेस अलका लांबा के जरिए आम आदमी पार्टी को कड़ी टक्कर देने के मूड में है। दिल्ली में कांग्रेस की महिला नेताओं में अलका लांबा का बड़ा नाम है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ एनएसयूआई की पूर्व अध्यक्ष अलका लांबा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। अलका लांबा हालांकि 2014 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं और फरवरी, 2015 में वह चांदनी चौक से विधायक बनीं। हालांकि 2019 में आम आदमी पार्टी से उनका मोहभंग हो गया और वो इस्तीफा देकर कांग्रेस में वापस आ गईं।
वहीं, दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सीईसी की बैठक पर कहा, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कई उम्मीदवारों के नामों पर व्यापक चर्चा हुई। कई नामों पर सहमति भी बनी है। अभी भी कुछ नाम ऐसे हैं जिन पर और चर्चा की जरूरत है, इसलिए उस चर्चा के बाद हम सूची जारी करेंगे। आपको बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
