June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोटा में अब छात्र और छात्रा ने आत्महत्या की, जनवरी में ही 6 लोग कर चुके हैं सुसाइड

कोटा। राजस्थान के कोटा में छात्रों की आत्महत्या की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। कोटा में बुधवार को एक छात्र और एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। दोनों की आत्महत्या महज 2 घंटे के अंतराल पर हुई। आत्महत्या करने वाला छात्र जेईई की तैयारी कर रहा था। वहीं, छात्रा नीट परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा आई थी। इस तरह कोटा में जनवरी 2025 में ही आत्महत्या करने वाले छात्रों की संख्या 6 हो चुकी है। बीते साल की बात करें, तो कोटा में 17 छात्रों ने आत्महत्या कर ली थी।

कोटा में बुधवार को पहले अफशां शेख ने आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र 24 साल थी। अफशां शेख अहमदाबाद की रहने वाली थी और कोटा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वो जवाहर नगर में रहती थी। पहले भी अफशां शेख ने नीट की परीक्षा दी थी, लेकिन उसे पास नहीं कर सकी थी। पुलिस को अफशां के कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि वो खुद ही पढ़ाई कर रही थी। माना जा रहा है कि डिप्रेशन में आने के कारण अफशां शेख ने आत्महत्या कर ली। अफशां की आत्महत्या के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि जेईई के छात्र ने सुसाइड कर लिया है। वो असम के गुवाहाटी का था। मृतक छात्र की उम्र 18 साल ही थी। उसे अगले हफ्ते जेईई-मेंस की परीक्षा देनी थी। उसकी मां भी कोटा आ रही थीं। यहां से भी पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला।

कोटा में छात्रों की लगातार होती आत्महत्या का मामला पूरे देश में गूंजता रहा है। यहां पुलिस ने सभी हॉस्टल और किराए पर कमरा देने वालों से कहा है कि वे छत पर पंखे को स्प्रिंग के जरिए लटकाएं। ताकि कोई भी छात्र अगर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश करे, तो वो आत्महत्या करने में नाकाम हो जाए, लेकिन लगातार छात्रों की आत्महत्या से साफ है कि कोटा में मकान मालिक पुलिस के इस निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं। वहीं, घरवालों की तरफ से छात्रों पर दबाव बनाए जाने का भी इन आत्महत्याओं में हाथ हो सकता है।