उदयपुर में पकड़ा गया अब तक का सबसे हाईटेक नकल माफिया गिरोह
नई दिल्ली। राजस्थान के उदयपुर में अब तक का सबसे हाईटेक नकल माफिया गिरोह पकड़ा गया है, जिसे पुलिस ने अपनी तय रणनीति के तहत गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आज ही राजस्थान में आरपीएससी ने सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती की परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद सामान्य ज्ञान का पेपर रद्द कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने धड़पकड़ करते हुए पूरे गिरोह को पकड़ लिया है। उदयपुर एसपी विकास शर्मा के निर्देश में टीम ने हाईटेक नकल माफिया गिरोह को धर दबोचा है। बताया जा रहा है कि उदयपुर की एक बस से 40 युवकों को पकड़ा गया है।
छात्रों के पास से बरामद सॉल्व पेपर
ताजा मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने माउंट आबू हाईवे के पास से एक बस और तीन गाड़ियों को पकड़ा, जिसमें कुछ छात्रों और शिक्षक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पेपर सॉल्व करने में मदद करने के लिए के एमबीबीएस डॉक्टर भी मौजूद था। पुलिस ने छानबीन करते हुए एक बस और तीन गाड़ियों को पकड़ा, जिसमें दर्जनों छात्र और कई शिक्षक मौजूद थे। पकड़े गए सभी छात्रों के पास से पेपर सॉल्व मिला है और ये वही पेपर था जिसे आज रद्द किया गया था। फिलहाल पुलिस की तरफ से मामले की जांच जारी है। उदयपुर एसपी विकास शर्मा इस पूरे मामले पर मीडिया के सामने खुलासा भी करेंगे। पुलिस अंदाजा लगा रही है कि हाईटेक नकल माफिया गिरोह राजस्थान के बाकी पेपर लीक मामले में भी शामिल हो सकता है।
