April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान पर सोनिया गांधी के खिलाफ बीजेपी का विशेषाधिकार हनन नोटिस

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ बीजेपी ने  सदन में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया है। बीजेपी सांसदों ने बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को भी विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है। बीजेपी के 40 सांसदों ने इस विशेषाधिकार हनन के नोटिस का समर्थन किया है। बीजेपी सांसदों ने सोनिया गांधी और पप्पू यादव की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ की गई टिप्पणी पर गंभीरता से विचार करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग सदन में की है।

राष्ट्रपति ने 31 जनवरी को बजट सत्र के पहले दिन संसदन में अभिभाषण प्रस्तुत किया था। इसके बाद सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें ‘Poor Lady’, बेचारी और थकी हुई तक बोल दिया था। वहीं पप्पू यादव ने राष्ट्रपति को एक स्टांप करार दिया था। बीजेपी ने सोनिया गांधी के बयान पर आपत्ति दर्ज कराते हुए उनकी निंदा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दिल्ली में एक चुनावी रैली के दौरान सोनिया गांधी की राष्ट्रपति को लेकर की गई टिप्पणी का मुद्दा उठाया था। मोदी ने कहा था कि मातृभाषा हिंदी न होने के बावजूद राष्ट्रपति ने संसद में बेहतरीन भाषण दिया, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है। कांग्रेस उन सभी का अपमान करती है जो गरीबों, दलितों, आदिवासियों, ओबीसी के बीच से आगे बढ़ते हैं।

पीएम ने कहा था, जो लोग जमीन से उठ कर आते हैं, उन्हें कांग्रेस का शाही परिवार बर्दाश्त नहीं करता। लोगों को गाली देना, विदेशों में भारत को बदनाम करना और अर्बन नक्सलियों की बातें कांग्रेस के शाही परिवार को ज्यादा अच्छी लगती हैं। वहीं राष्ट्रपति भवन की ओर से भी सोनिया गांधी के बयान को अमर्यादित बताते हुए आलोचना की गई थी। राष्ट्रपति भवन ने सोनिया के बयान को स्पष्ट रूप से उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया था।