April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आपको यमुना मइया का श्राप लगा…दिल्ली सीएम पद से इस्तीफा देने पहुंचीं आतिशी से बोले एलजी वीके सक्सेना

नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने पहुंचीं आतिशी को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यमुना की बदहाल स्थिति को लेकर तंज कसा। एलजी ने दिल्ली सीएम से कहा, आपको यमुना मइया का श्राप लगा है। आपकी सरकार को यमुना की सफाई के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए थे। साथ ही दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर भी एलजी वीके सक्सेना ने सीएम आतिशी को सुनाया। एबीपी न्यूज ने सूत्रों के हवाले से इस बात का दावा किया है। वहीं आतिशी ने राज्यपाल की बात का कोई जवाब नहीं दिया।

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीएम आतिशी को यह भी बताया कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी ‘यमुना के श्राप’ को लेकर चेताया था। केजरीवाल ने यमुना नदी को साफ करने की एक परियोजना को रुकवा दिया था। साथ ही एलजी ने यह भी कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए एलजी सचिवालय के द्वारा दिल्ली सरकार को कई बार पत्र लिखा गया मगर उस पर भी कोई आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई। आपको बता दें कि एलजी ने सीएम पद से आतिशी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, हालांकि नई सरकार के गठन तक आतिशी कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर कार्य करती रहेंगी।

अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आकर सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था और आतिशी को सीएम बनाने का ऐलान किया था। इसके बाद 21 सितंबर 2024 को आतिशी ने सीएम पद की शपथ ली थी। आतिशी ने खुद को अस्थाई सीएम की तरह प्रेजेंट करते हुए कार्यभार संभालते समय अपनी कुर्सी के बगल में सीएम कार्यालय में एक खाली कुर्सी (अरविंद केजरीवाल के लिए) रखवाई थी जिसके बाद से आतिशी विपक्षी दलों के निशाने पर थीं।