April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को फिर बड़ी कामयाबी, बीजापुर में 31 नक्सलियों को मार गिराया; 2 जवान शहीद और 2 घायल

बस्तर। भारत विरोधी नक्सलियों का सफाया जारी है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 31 नक्सलियों को मार गिराया है। बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के अनुसार महाराष्ट्र की सीमा के पास नेशनल पार्क इलाके में नक्सलियों के होने की खुफिया सूचना मिली थी। इस पर डीआरजी और सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो के जवान मौके पर गए थे।

बीजापुर स्थित नेशनल पार्क में जवानों की मुठभेड़ नक्सलियों से हुई। दोनों तरफ से जबरदस्त फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने पाया कि 12 नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ में 2 जवानों के शहीद होने और 2 अन्य के घायल होने की भी खबर है। घायल जवानों को हायर मेडिकल सेंटर में दाखिल कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। आईजी ने बताया कि मरने वाले नक्सलियों की तादाद और भी ज्यादा हो सकती है। अभी यहां तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

बीजापुर में फरवरी की शुरुआत में भी सुरक्षाबलों के जवानों ने 8 नक्सलियों को मारने में सफलता हासिल की थी। इनके पास से खतरनाक हथियार बरामद किए गए थे। मारे गए नक्सलियों पर कुल मिलाकर 16 लाख रुपए का इनाम था। इससे पहले जनवरी में गरियाबंद में 16 नक्सलियों को जवानों ने मौत के घाट उतारा था। इनमें 90 लाख का इनामी नक्सली नेता चलपति भी शामिल था।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से अब तक 260 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराने में सफलता पाई है। इसके अलावा 750 नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है। 1000 से ज्यादा नक्सलियों की गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ में हुई है। कुल मिलाकर राज्य को नक्सल मुक्त करने की दिशा में सुरक्षाबलों और सरकार को बड़ी सफलता मिल रही है।