‘मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी या शिव विहार करवाऊंगा’, बीजेपी के निर्वाचित विधायक मोहन सिंह बिष्ट का मुस्लिम बहुल इलाके पर एलान
नई दिल्ली। दिल्ली की मुस्लिम बहुल मुस्तफाबाद सीट से जीते बीजेपी के विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने बड़ा बयान दिया है। मोहन सिंह बिष्ट ने कहा है कि मुस्तफाबाद में हिंदुओं की आबादी है। ऐसे में यहां का नाम बदलकर वो शिवपुरी या शिव विहार करना चाहते हैं। मोहन सिंह बिष्ट ने चुनाव प्रचार के दौरान मुस्तफाबाद की जनता से वादा किया था कि वो इलाके का नाम बदलेंगे। अब उस वादे को बीजेपी के विधायक मोहन सिंह बिष्ट पूरा करना चाहते हैं। मोहन सिंह बिष्ट ने दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट 17578 वोट से जीती है। पहले वो दिल्ली की करावल नगर सीट से जीते थे।
मुस्तफाबाद दिल्ली की मुस्लिम बहुल सीट है। यहां बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट के अलावा आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने भी उम्मीदवार खड़े किए थे। बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट ने आम आदमी पार्टी के आदिल अहमद खान को हराया है। तीसरे नंबर पर ओवैसी की पार्टी के उम्मीदवार ताहिर हुसैन रहे। दिल्ली में साल 2020 के दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को 33474 वोट मिले। जबकि, कांग्रेस के अली मेहदी को 11763 वोट ही हासिल हुए। साल 2020 में मुस्तफाबाद की सीट आम आदमी पार्टी के हाजी यूनुस ने जीती थी। इस बार भी यहां तीन पार्टियों के मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में थे। इस वजह से मोहन सिंह बिष्ट की जीत बहुत मायने रखती है।
मुस्तफाबाद की सीट साल 2008 में परिसीमन के कारण बनी थी। दिल्ली की मुस्तफाबाद सीट पर बड़ी संख्या में मुस्लिम वोटर हैं। यहां 2020 में दंगे हुए थे और 53 लोगों की जान गई थी। सैकड़ों अन्य लोग दंगों में घायल हुए थे। पहले माना जा रहा था कि मोहन सिंह बिष्ट को मुस्तफाबाद से जीत हासिल नहीं होगी, लेकिन उन्होंने समीकरण पलट दिए। माना जा रहा है कि मुस्तफाबाद की हिंदू आबादी ने एकजुट होकर मोहन सिंह बिष्ट को दिल्ली विधानसभा चुनाव जिताया है।
