February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल की बढ़ सकती है मुश्किल, शीशमहल मामले में सीवीसी ने जांच के आदेश दिए

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए एक और झटके वाली खबर है। इससे अरविंद केजरीवाल की मुश्किल भी बढ़ सकती है। ताजा जानकारी के मुताबिक केंद्रीय सतर्कता आयोग यानी सीवीसी ने दिल्ली के 6 फ्लैगस्टाफ रोड में सीएम आवास रहे बंगले की जांच के आदेश जारी किए हैं। अरविंद केजरीवाल पर आरोप है कि उन्होंने सीएम रहते कोरोना के दौरान 6 फ्लैगस्टाफ रोड के बंगले का रेनोवेशन कराया और उसमें करोड़ों रुपए फूंक दिए। बीजेपी और कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल ने सीएम रहते खुद को मिले बंगले में मकराना के मार्बल, लाखों के पर्दे, किचन और गोल्ड प्लेटेड टॉयलेट सीट के अलावा ऑटोमैटिक दरवाजे और खिड़कियां लगवाईं।

अरविंद केजरीवाल की तरफ से करोड़ों का सरकारी धन खर्च कर आलीशान बंगाल बनवाने का मुद्दा दिल्ली विधानसभा चुनाव में जमकर उठा था। बीजेपी और कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को शीशमहल का नाम दिया था और जनसभाओं में आरोप लगाया कि किस तरह अरविंद केजरीवाल ने सरकारी धन का दुरुपयोग अपने ऐश-ओ-आराम के लिए किया। बीजेपी ने ये आरोप भी अरविंद केजरीवाल पर लगाया है कि जब वो सीएम पद से हटे और 6 फ्लैगस्टाफ रोड का बंगला खाली किया, उसके बाद से वहां लगाई गईं महंगी टॉयलेट सीट गायब है। बीजेपी के नेताओं ने केजरीवाल के बंगले के बारे में सीवीसी से शिकायत की थी। जिस पर अब सीवीसी ने जांच के आदेश दिए हैं।

अरविंद केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी ने बंगले को शीशमहल बताए जाने का विरोध किया था। हालांकि, वे दिल्ली की जनता को समझाने में नाकाम रहे। अरविंद केजरीवाल पर पहले ही दिल्ली में शराब घोटाला करवाने का आरोप है। कथित शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार में डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया समेत कई लोग जेल जा चुके हैं। केजरीवाल के मंत्री रहे सत्येंद्र जैन भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में तिहाड़ जेल गए। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को भी शराब घोटाला मामले में जेल जाना पड़ा था। इस बार चुनाव में अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता हार चुके हैं।