February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी पुलिस ने 54 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ केस दर्ज किया, प्रयागराज महाकुंभ के बारे में अफवाह फैलाने का आरोप

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। महाकुंभ में 29 जनवरी को अमृत स्नान से पहले भगदड़ मची थी। जिसमें 30 लोगों की जान गई है। इस हादसे के बाद तमाम सोशल मीडिया अकाउंट से कई तरह की अफवाह फैलाई गई। यूपी पुलिस ने अब महाकुंभ के बारे में अफवाह फैलाने वाले 54 सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की है। यूपी पुलिस ने इन सभी सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ केस दर्ज किया है। यूपी पुलिस ने साथ ही लोगों से अपील की है कि वे बिना तथ्यों की पुष्टि के महाकुंभ के बारे में किसी सूचना को साझा न करें।

महाकुंभ में 29 जनवरी को भगदड़ मचने के बाद तरह-तरह की अफवाहें सोशल मीडिया पर चली थीं। इनमें ये अफवाह भी तेजी से फैलाई गई कि उस तारीख को झूंसी इलाके में भी भगदड़ मची और उसमें भी तमाम लोगों की जान गई। जबकि, प्रयागराज पुलिस ने साफ कहा था कि भगदड़ सिर्फ संगम नोज के पास हुई थी और झूंसी इलाके में किसी भगदड़ की जानकारी उसे नहीं है। इस अफवाह के अलावा कई सोशल मीडिया अकाउंट में ये दावा भी किया गया था कि प्रयागराज के महाकुंभ में काफी अव्यवस्था है। जबकि, वहां किसी तरह की अव्यवस्था होने की जानकारी नहीं थी। ऐसे में अब अफवाह फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने जा रही है।

प्रयागराज में 26 फरवरी तक महाकुंभ होगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के पर्व पर अमृत स्नान के साथ ही महाकुंभ का समापन हो जाएगा। प्रयागराज के महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ से ज्यादा लोग स्नान कर चुके हैं। यूपी सरकार को पहले अंदाजा था कि महाकुंभ में 45 करोड़ तक श्रद्धालु आ सकते हैं। जबकि, इससे ज्यादा श्रद्धालु अब तक आ चुके हैं। प्रयागराज महाकुंभ में देश के अलावा विदेश से भी श्रद्धालु पहुंचे। महाकुंभ में भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, कई देशों के राजनयिकों, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा मुकेश अंबानी और उनके परिजन, गौतम अडानी और उनके परिजन, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और सचिन पायलट भी पवित्र स्नान कर चुके हैं।