कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी के पाकिस्तानी संबंधों को लेकर जांच शुरू
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ के पाकिस्तानी संबंधों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की अमेरिकी मूल की पत्नी पर आईएसआई और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए जांच के आदेश दिए थे। उधर, कांग्रेस सासंद गौरव गोगोई ने अपनी पत्नी के ‘आईएसआई लिंक’ के आरोपों पर दावा किया है कि 2026 के असम चुनाव में हार के डर से बीजेपी ध्यान भटकाने वाली रणनीति अपना रही है।
असम के डीजीपी हरमीत सिंह ने बताया कि कल ही सीआईडी को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया था। आज सुबह, सीआईडी ने अली तौकीर शेख और अन्य अज्ञात के खिलाफ यूएपीए की धारा 13 (1) के साथ बीएनएस की धारा 48, 152, 61, 197 (1) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है। उधर, इस मामले में बीजेपी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी का कहना है कि जिस तरह से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई का जॉर्ज सोरोस के फाउंडेशन के साथ संबंध सामने आया है, साथ ही पाकिस्तान दूतावास में पाक राजदूत के साथ हुई उनकी मीटिंग भी चिंताजनक है। भारतीय वायु सेना और भारतीय अर्धसैनिक बलों के खिलाफ की गई उनकी टिप्पणी से देश विरोधी उनका एजेंडा अब साफ हो गया है।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा, एक अंग्रेजी कहावत का हवाला देते हुए कहा, जिस किसी पर भी आईएसआई एजेंट होने का संदेह होगा, उसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने सवाल किया कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न अपनी शादी से पहले अली तौकीर शेख जो एक आईएसआई एजेंट और हैंडलर था, के साथ पाकिस्तान में काम करती थीं, क्या गौरव गोगोई को शादी से पहले इस बारे में पता था?
