April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बोर्ड परीक्षा पेपर लीक होने की खबरों का सीबीएसई ने किया खंडन, अफवाह फैलाने वालों पर करेगा कानूनी कार्रवाई

नई दिल्ली। सीबीएसई बोर्ड ने बोर्ड पेपर लीक की खबरों को मनगढंत बताते हुए इससे संबंधित खबरों का खंडन किया है। सीबीएसई ने सोमवार को पेपर लीक के दावों को गलत बताया और कहा कि ऐसा छात्रों और अभिभावकों में पैनिक बनाने के लिए किया जा रहा है। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से हो रही हैं। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 4 अप्रैल तक चलेगी। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में इस साल करीब 44 लाख छात्र बैठ रहे हैं। सीबीएसई ने बयान जारी कर कहा है कि उसने बोर्ड परीक्षाओं को सुचारु और बिना कदाचार के कराने के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्था की है।

सीबीएसई ने कहा है कि बोर्ड की नजर गई है कि कुछ अवांछित तत्व यूट्यूब, फेसबुक और एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बोर्ड परीक्षा 2025 के बारे में अफवाह फैला रहे हैं। सीबीएसई ने बयान में कहा है कि इन अफवाहों पर छात्र और अभिभावक ध्यान न दें। सीबीएसई ने कहा है कि वो कानून प्रवर्तन एजेंसियों का सहयोग ले रही है। ताकि बोर्ड परीक्षा पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। सीबीएसई ने कहा है कि अगर इस अफवाह को फैलाने में कोई छात्र शामिल मिला, तो उसके खिलाफ भी कदाचार करने के नियमों के तहत कार्रवाई के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीबीएसई के नियमों के तहत बोर्ड परीक्षा में कदाचार का मतलब परीक्षा से संबंधित मैटेरियल को सोशल मीडिया में पोस्ट करना भी है। अगर ये साबित होता है, तो संबंधित छात्र को इस साल के साथ ही अगले 3 साल तक सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया जाता है। इसलिए किसी भी तरह की अफवाह पर छात्र ध्यान न दें। इससे वो कानूनी कार्रवाई की जद में भी आ सकते हैं और उनका भविष्य खराब हो सकता है।