योगी बोले, महाकुंभ के जरिए भारत की आस्था को दुनिया के सामने रखकर करा रहे अपनी ताकत का एहसास
नई दिल्ली। महाकुंभ में अब तक 53 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा चुके हैं। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि महाकुंभ का यह भव्य उत्सव अगले 9 दिनों तक इसी रूप में जारी रहेगा। योगी बोले, कल्पना करिए, यह भारत की क्षमता है और अगर पूर्व में भारत की आस्था का सम्मान किया गया होता, तो भारत किन ऊंचाइयों को प्राप्त करता। महाकुंभ के आयोजन के जरिए हम भारत की आस्था को दुनिया के सामने रखकर अपनी ताकत का एहसास करा रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने युवा उद्यमियों के साथ संवाद करते हुए बताया कि महाकुंभ दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है। इस भव्य आयोजन के अवसर पर, देश और विदेश से श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश आने का अवसर मिला है। प्रयागराज आने के बाद श्रद्धालुओं को यूपी के कई अन्य स्थलों पर जाने और उत्तर प्रदेश को जानने का भी मौका मिल रहा है। प्रयागराज के साथ-साथ अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि और काशी में बाबा विश्वनाथ की नगरी जाने का भी श्रद्धालुओं को अवसर मिल रहा है।
यूपी सीएम ने कहा, इस आयोजन के माध्यम से हम भारत की आस्था को दुनिया के सामने रखकर अपनी ताकत का एहसास करा रहे हैं। देश की आस्था को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सम्मान प्राप्त हुआ है। पीएम मोदी ने भारत की क्षमता को पहचाना और पिछले 10 सालों में देश के उन सभी स्थलों को फिर से मान्यता प्राप्त हुई जिनके लिए भारत जाना जाता था। 500 वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ और अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बना। पिछले एक साल के अंदर अयोध्या में बहुत बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए। 2016-17 में जब प्रदेश में बीजेपी की सरकार नहीं थी तब अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या एक साल में 2 से ढाई लाख थी मगर साल 2024 में 14 से 15 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।
