दिल्ली में अब 19 फरवरी को बीजेपी विधायकों की बैठक होने की संभावना, 20 फरवरी को शपथ ले सकती है सरकार
नई दिल्ली। दिल्ली में नई सरकार का शपथग्रहण अब 20 फरवरी को होने की संभावना है। पहले बताया जा रहा था कि 19 फरवरी को दिल्ली में बीजेपी की नई सरकार का शपथग्रहण होगा। दिल्ली में बीजेपी विधायक दल की बैठक आज होनी थी, लेकिन इसे अब 19 फरवरी के लिए टाल दिया गया है। 19 फरवरी को बीजेपी के विधायक अपना नेता चुनेंगे। इस नाम पर बीजेपी नेतृत्व मुहर लगाएगा और फिर अगले दिन सरकार का शपथग्रहण समारोह होगा। दिल्ली में बीजेपी की सरकार रामलीला मैदान में शपथ ले सकती है। शपथग्रहण में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
दिल्ली में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव जीता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 48 सीट पर जीत हासिल हुई है। जबकि, 10 साल से सत्ता पर काबिज अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी 22 सीट ही ला सकी। अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता दिल्ली विधानसभा चुनाव हार गए। आतिशी और गोपाल राय जैसे नेता ही विधानसभा चुनाव जीत सके हैं। वहीं, बीजेपी की तरफ से प्रवेश वर्मा, मोहन सिंह बिष्ट, विजेंदर गुप्ता और मनजिंदर सिंह सिरसा जैसे दिग्गजों ने जीत हासिल की है। चर्चा इसकी है कि इनमें से ही बीजेपी दिल्ली का सीएम बना सकती है। बीजेपी की विधायक बनीं रेखा गुप्ता के भी सीएम की रेस में होने की चर्चा है। हालांकि, अंतिम फैसला बीजेपी विधायक दल की बैठक और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से ही होना है।
बीजेपी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान तमाम घोटालों और गड़बड़ियों को जनता के बीच ले जाकर चुनाव जीता। बीजेपी ने वादा किया है कि दिल्ली की गरीब महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देगी। गरीब परिवारों को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, बुजुर्गों की पेंशन फिर शुरू करने, दिल्ली से कूड़े के पहाड़ हटाने, गलियों और सड़कों को ठीक करने, साफ पेयजल देने के साथ ही यमुना नदी की सफाई कराने का बड़ा वादा भी बीजेपी ने किया है। यमुना की सफाई का काम शुरू भी करा दिया गया है। सबकी नजर इस पर है कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में इन अहम मुद्दों पर फैसले लिए जाते हैं या नहीं।
