प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद एलन मस्क ने भारत में निकाली वैकेंसी
नई दिल्ली। टेस्ला कंपनी के ओनर एलन मस्क ने भारत में योग्य लोगों के लिए अपनी कंपनी में वैकेंसी निकाली है। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद ही टेस्ला की ओर से भारत में भर्तियां शुरू करने का ऐलान किया गया है। मस्क काफी समय से भारत में व्यापार करना चाह रहे हैं। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बात की पुष्टि की है कि मस्क की नजर भारतीय बाजार पर है। आइए आपको बताते हैं कि टेस्ला ने कितने और कौन से पदों पर भर्ती निकाली है और इसके लिए किस तरह से आवेदन किया जा सकता है।
टेस्ला कंपनी की ओर से फिलहाल कस्टमर मैनेजर, कस्टमर सपोर्ट स्पेशलिस्ट, सर्विस एडवाइजर, सर्विस टेक्नीशियन, पार्ट्स एडवाइजर, स्टोर मैनेजर, टेस्ला एडवाइजर समेत 13 पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। इन पदों पर दिल्ली और मुंबई के लिए भर्तियां की जाएंगी। इन पदों पर आवेदन के लिए सबसे पहले आपको टेस्ला की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योग्यता चेक करनी होगी। अपनी योग्यतानुसार यूजर को फॉर्म पर क्लिक करके अपनी सारी डिटेल भरनी होगी और फॉर्म को अपलोड करना होगा।
आपको बता दें कि टेस्ला पावर इंडिया ने हाल ही में पुरानी बैटरी को रिपेयर करके सेल करने के लिए अपना बैटरी का ब्रांड रीस्टोर लॉन्च किया है। टेस्ला साल 2026 तक देशभर में इस तरह के 5 हजार स्टोर खोलना चाहती है। इसके लिए अलग-अलग शहरों में जगह भी तलाशी जा रही है। इस समय भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का बाजार तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। साल 2024 में भारत में 15 लाख से भी ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री हुई। टाटा ग्रुप भी बैटरी इंडस्ट्री में निवेश कर रहा है और उसकी कई बैटरी चलित गाड़ियां भी कस्टमर्स को खूब पसंद आ रही हैं। ऐसे में टेस्ला भी समय के अनुसार भारतीय बाजार में एंट्री करना चाहती है।
