UP Budget 2025-26 : चार नए एक्सप्रेस वे, स्टूडेंट्स को ब्याज रहित लोन, मेधावी छात्राओं को स्कूटी…जानिए यूपी सरकार के बजट में और क्या है खास
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने साल 2025-26 के लिए विधानसभा में प्रदेश का बजट पेश किया। 8 लाख, 8 हजार 736 करोड़ रुपए के बजट में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने गरीब, किसान, मजदूर, स्टूडेंट्स, युवाओं, मध्यम वर्ग से लेकर आम लोगों तक के लिए कई लाभकारी घोषणाएं की हैं। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट भाषण के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाए जाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के सभी वर्गों के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
यूपी बजट के मुख्य प्वाइंट्स
– 4 नए एक्सप्रेस वे बनाए जाने का ऐलान, आगरा एक्सप्रेस-वे से गंगा एक्सप्रेस-वे से होगा लिंक, गंगा एक्सप्रेस-वे का हरिद्वार तक विस्तार, मेरठ से प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे को चंदौली होते हुए सोनभद्र से जोड़ने के लिए विंध्य एक्सप्रेस वे का प्रस्ताव, बुंदेलखंड इलाके में भी एक एक्सप्रेस वे बनेगा।
– स्टूडेंट्स को ब्याज रहित लोन देने का वित्त मंत्री ने ऐलान किया है। इसके साथ ही स्कूलों में आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लासेस, पॉलिटेक्निकों में डिजिटल लाइब्रेरी आदि बनाने की योजना।
– रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान करने के लिए 400 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा बजट भाषण में की गई है।
– जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत हर गांव से निर्धन परिवारों को चिन्हित कर उनकी आय को कम से कम 1 लाख 25 हजार रुपये सालाना तक ले जाने का उद्देश्य।
– रोजगार सृजन के लिए मनरेगा, कौशल विकास मिशन और युवा उद्यमी विकास अभियान के लिए बजट में विशेष प्रावधान।
– किसानों को आर्थिक सहायता के साथ फसल बीमा, सोलर पंप योजना, गन्ना मूल्य भुगतान के लिए 11 प्रतिशत बजट आवंटित।
– बजट में यूपी विधान सभा को हाईटेक बनाने का भी प्रस्ताव है। विधानसभा को आधुनिक आईटी सिस्टम से लैस किया जाएगा।
– सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे पेंशन, छात्रवृत्ति आदि के लिए बजट में अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।
