यूपी में और एक लाख पुलिसकर्मी भर्ती किए जाएंगे, सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा एलान
लखनऊ। यूपी पुलिस में इस साल और एक लाख भर्तियां की जाएंगी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पुलिस दूरसंचार विभाग के परिचालकों को नियुक्ति पत्र बांटने के बाद ये एलान किया। सीएम योगी ने पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए 936 परिचालकों को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा कि यूपी में बीते 9 साल में 2.20 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि बीते दिनों ही 60244 कॉन्सटेबलों की यूपी पुलिस में भर्ती की गई। साथ ही पिछले तीन दिन में होमगार्ड के 41000 से ज्यादा पदों के लिए भी परीक्षा कराई गई है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी पहला प्रदेश है, जहां 500 से ज्यादा कुशल खिलाड़ियों को पुलिस में नौकरी दी गई है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड इस साल पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगा। बता दें कि यूपी की सत्ता संभालने के बाद से सीएम योगी ने बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की भर्ती का काम शुरू कराया है। इससे अब सूबे के चप्पे-चप्पे में पुलिस दिखने लगी है। छोटी से छोटी घटना में भी पुलिस तत्काल पहुंचती है।
यूपी में सीएम का पद संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ ने महिला पुलिसकर्मियों की भी बड़ी संख्या में भर्ती कराई है। जबकि, साल 2016 तक यूपी में करीब 10000 महिला पुलिसकर्मी ही थीं। पुलिस में महिलाओं की भर्ती के लिए 33 फीसदी आरक्षण देने से आधी आबादी को भी यूपी की कानून और व्यवस्था ठीक रखने के काम में हाथ बंटाने का मौका मिला है। इसके अलावा सीएम योगी ने यूपी पुलिस के लिए नए हथियार और वाहन भी खरीदे। जिनकी वजह से पुलिसकर्मियों को गश्त लगाने और बदमाशों से निपटने में आसानी हुई है। अक्टूबर 2025 तक यूपी पुलिस ने 256 से ज्यादा अपराधियों को मार गिराया और 10000 को एनकाउंटर्स में घायल किया। इसके अलावा 31000 से ज्यादा बदमाशों को यूपी पुलिस ने बीते 9 साल में गिरफ्तार किया है।
