दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश, शराब नीति से 2 हजार करोड़ से ज्यादा के नुकसान का खुलासा
नई दिल्ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट पेश कर दी। इस रिपोर्ट के मुताबिक आम आदमी पार्टी सरकार के द्वारा 2021-2022 में लाई गई नई शराब नीति की वजह से दिल्ली को 2,026.91 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सीएजी की रिपोर्ट में आबकारी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में नियमों को ताक पर रखने की भी बात कही गई है। कैग की 14 रिपोर्ट्स में से शराब नीति घोटाले से संबंधित रिपोर्ट आज सदन में रिपोर्ट पेश की गई। कैग की अन्य रिपोर्ट में आप कार्यकाल में हुए कई दूसरे घोटालों को भी उजागर किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस रिपोर्ट को दबाकर रखा था। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में आप सरकार के कार्यकाल में साल 2017-18 के बाद सीएजी रिपोर्ट विधानसभा में पेश ही नहीं की गई। अरविंद केजरीवाल और आतिशी की सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया। विजेंदर गुप्ता ने कहा कि सदन में नेता प्रतिपक्ष रहते हुए मैंने और पांच अन्य विपक्षी नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष, सीएम और मुख्य सचिव से रिपोर्ट पेश करने का अनुरोध किया था। मगर सरकार ने रिपोर्ट को दबा दिया था। हाईकोर्ट ने कैग रिपोर्ट से जुड़े मामले में कहा था कि अगर आप सरकार कैग की रिपोर्ट पेश नहीं करती है तो यह संवैधानिक जनादेश की अवहेलना है।
वहीं कैग रिपोर्ट को सदन में पेश किए जाने से पहले दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा, हमारी सरकार का एजेंडा बिलकुल साफ है। हमारा एजेंडा दिल्ली का विकास करना, दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाना, यमुना को साफ सुथरा करना, दिल्ली से कूड़े के पहाड़ को खत्म करना और गरीबों को सुविधाएं देना है। एलजी बोले, यही सब बात मैंने विधानसभा में दिए अपने अभिभाषण में भी कही हैं।
