April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। बिहार में नीतीश कुमार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। बिहार में अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं फिलहाल मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को मिलाकर सरकार में कुल 30 चेहरे हैं ऐसे में 6 विधायकों को और मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इससे पहले यह अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि संभवत: एक दो मंत्रियों से इस्तीफा भी लिया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि आज शाम 4 बजे मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल ने मंत्रिमंडल से इस्तीफे के बारे में बात करते हुए कहा, भारतीय जनता पार्टी ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत का पालन करती है। पार्टी के इसी सिद्धांत के तहत मैं आज राजस्व मंत्री के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, यह विशेष अधिकार माननीय मुख्यमंत्री के पास है, वही इस पर निर्णय लेंगे। मैंने मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें टीवी पर देखी हैं, इसके विषय में मैं कुछ नहीं कह सकता। अभी हमारी बैठक है और हम डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से मिलेंगे।

वैसे जब से दिलीप कुमार जायसवाल को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था तब से ही इस बात की अटकलें शुरू हो गई थीं कि वो मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उधर, विधायक नवल किशोर यादव, अनिल शर्मा और जीवेश कुमार को नीतीश कुमार सरकार में मंत्रीपद दिए जाने की चर्चा हो रही है। कविता देवी को भी नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल करने की अटकलें लगाई जा रही हैं। संभव है कि जिन मंत्रियों के पास एक से ज्यादा विभाग हैं उनसे अतिरिक्त विभाग ले लिया जाए और नए मंत्रियों को उन विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जाए।