देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर 6 हुई
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी के संकल्प ‘नक्सल मुक्त भारत’ की दिशा में उठाए जा रहे प्रयासों की बदौलत अब एक और खुशखबरी आई है। देश में नक्सलवाद से प्रभावित जिलों की संख्या जो पहले 12 थी अब वो घटकर 6 हो गई है। मतलब अब पूरे देश में सिर्फ 6 जिले नक्सलवाद से प्रभावित बचे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने खुद इस बात की जानकारी साझा की है। उन्होंने इसे एक नया मील का पत्थर बताया है और साथ ही अगले साल 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को देश से पूरी तरह खत्म करने की प्रतिबद्धता फिर से जाहिर की है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, नक्सल मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, आज हमारे देश ने वामपंथी उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या को 12 से घटाकर मात्र 6 कर एक नया मील का पत्थर हासिल किया है। मोदी सरकार नक्सलवाद के प्रति निर्मम दृष्टिकोण और सर्वव्यापी विकास के लिए अथक प्रयासों के साथ सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत का निर्माण कर रही है। भारत 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह से जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
आपको बता दें कि बीते कल यानी सोमवार को ही छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने 25 लाख की इनामी महिला नक्सली रेणुका उर्फ बानू का एनकाउंटर किया है। उसके पास से इंसास रायफल, गोला बारूद भी बरामद हुए हैं। इससे पहले शनिवार को भी बस्तर क्षेत्र के सुकमा और बीजापुर जिले सुरक्षाबलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया था। जबकि पिछले महीने की ही 20 मार्च को भी नक्सलरोधी अभियान के तहत कार्रवाई बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 18 नक्सलियों को मार गिराया था। उसी दिन कांकेर में हुई एक अन्य मुठभेड़ में 4 अन्य नक्सली भी मारे गए थे।
