April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हम कोई भिखारी हैं जो सपा से भीख मांगेंगे, सीट बंटवारे के सवाल पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

नई दिल्ली। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में गठबंधन रहेगा या नहीं इसको लेकर फिलहाल तो कुछ कहा नहीं जा सकता मगर इतना जरूर है कि दोनों पार्टी के नेता सीट बंटवारे को लेकर एक दूसरे पर अभी से भड़क रहे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे के बारे में पूछे जाने पर कहा, हम कोई भिखारी हैं जो समाजवादी पार्टी से भीख मांगेंगे, उन्होंने यह भी कहा, हम बूथ स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वाकांक्षाएं हैं, हम उनकी इच्छाओं को दबा नहीं सकते। गठबंधन कैसे काम करेगा, यह पार्टी का फैसला है लेकिन मैं अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए लड़ूंगा। लोकसभा चुनाव में जो फॉर्मूला था, निश्चित रूप से वैसा नहीं होगा। हम पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। हमारे पास नेताओं की कमी नहीं है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या इस बार गठबंधन में कांग्रेस कम सीटों पर समझौता करेगी, तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, यह ज़्यादा या कम सीटों का सवाल नहीं है। फैसला पार्टी को करना है और जो भी फैसला होगा, वह अंतिम होगा। हमारा ध्यान अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को चुनाव के लिए तैयार करने पर है। यह नैरेटिव बनाने की लगातार कोशिश की जा रही है कि कांग्रेस के पास समर्पित कार्यकर्ताओं की कमी है, जो सच नहीं है।

इमरान मसूद का बयान ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आईपी सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। आईपी सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी के रहते कांग्रेस 2050 तक केंद्र में सरकार नहीं बना पाएगी। सपा की मदद से ही सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद बनती रहीं। कांग्रेस अपनी हैसियत भूल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *