April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

टैरिफ या व्यापार का मुद्दा चर्चा में उठा ही नहीं, भारत ने फिर खारिज किया डोनाल्ड ट्रंप का दावा

नई दिल्ली। भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध के दौरान अमेरिका के साथ हमारी बातचीत में व्यापार या टैरिफ का मुद्दा उठाया ही नहीं गया था। किसी भी चर्चा में इसको लेकर कोई बात नहीं हुई। विदेश मंत्री पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि संघर्ष विराम का निर्णय भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच सीधे संपर्क के माध्यम से लिया गया था।

भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बातचीत जारी है। हमारी एक टीम हाल ही में अमेरिका गई थी इसलिए, हमें बातचीत पूरी होने तक इंतजार करना होगा और जैसे ही हमें कोई अपडेट मिलेगा, हम उसे आपके साथ साझा करेंगे। उम्मीद है कि जल्द ही इसको लेकर चीजें क्लियर होंगी लेकिन हमें धैर्य रखना होगा।

अमेरिकी सरकार द्वारा विदेशी छात्रों के वीजा इंटरव्यू पर रोक और नियमों को सख्त बनाए जाने पर जायसवाल ने कहा कि विदेश में भारतीय छात्रों का हित भारत सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में आगे के घटनाक्रमों पर हमारी नजर है। हालाँकि हम मानते हैं कि वीजा जारी करना एक संप्रभु कार्य है, हम आशा करते हैं कि भारतीय छात्रों के आवेदनों पर योग्यता के आधार पर विचार किया जाएगा और वे समय पर अपने शैक्षणिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे।

ईरान में लापता हुए तीन भारतीय नागरिकों के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि हम उनका पता लगाने, उनकी सुरक्षा और उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं। हमें ईरानी पक्ष से अच्छा सहयोग मिल रहा है। हम लापता लोगों के परिवारों के संपर्क में भी हैं। हम हर संभव मदद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *