April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

समय रैना का वीडियो कॉल पर बयान दर्ज कराने का अनुरोध महाराष्ट्र साइबर सेल ने ठुकराया

नई दिल्ली। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो को लेकर उपजे विवाद के बीच शो के जज समय रैना का वीडियो कॉल पर बयान दर्ज कराने का अनुरोध महाराष्ट्र साइबर सेल ने ठुकरा दिया है। हालांकि समय रैना को पेशी की तारीख में छूट देते हुए उसे आगे बढ़ा दिया गया है। समय को पहले 6 मार्च को अपने बयान दर्ज कराने थे मगर अब 11 मार्च को उसे व्यक्तिगत तौर पर पेश होकर बयान दर्ज कराना होगा। समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा समेत अन्य लोगों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।

समय रैना ने नोटिस के जवाब में कहा था कि वो फिलहाल अमेरिका में हैं इसलिए व्यक्तिगत रूप से पेश होकर बयान दर्ज नहीं करा सकते। इसी बात का हवाला देते हुए उन्होंने व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी थी और वीडियो कॉल के जरिए बयान दर्ज कराने की मांग की थी। आपको बता दें कि समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में जजों और कंटेस्टेंट के बीच गाली गलौच वाली भाषा और अश्लील टिप्पणी को लेकर विवाद मचा हुआ है। जजों समेत शो के आयोजक पर भी अलग-अलग कई एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। संसद में भी यह मुद्दा उठाया जा चुका है। लोग ऐसे वाहियात शो को बंद करने की मांग कर रहे हैं।

इससे पहले मुंबई पुलिस रणवीर इलाहाबादिया को पूछताछ के लिए बुलाने का दो बार नोटिस भेज चुकी है मगर उनके मुंबई स्थित फ्लैट पर ताला बंद है और रणवीर इलाहाबादिया अपना मोबाइल बंद करके अंडरग्राउंड हो गए हैं। हालांकि जब उनके भागने की खबरें वायरल हुईं तो रणवीर की तरफ से बयान जारी किया गया जिसमें उन्होंने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा था कि वो कहीं भागे नहीं हैं, बस डरे हुए हैं। आपको बता दें कि इस मामले में रणवीर इलाहाबादिया सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग चुके हैं मगर उनके प्रति लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है।