यूपी जीतने के लिए एलानों का अंबार लगा रहीं प्रियंका गांधी, जानिए क्या है ताजा घोषणा
नई दिल्ली। यूपी का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एलानों का अंबार लगा दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने अब नया एलान करते हुए कांग्रेस के प्रति वोटरों का रुझान पैदा करने की कोशिश की है। ताजा एलान में प्रियंका गांधी ने यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था को निशाना बनाते हुए इसे बेहतर करने और सरकार बनने पर फ्री इलाज देने का एलान किया है।
आज एक ट्वीट में प्रियंका गांधी ने लिखा, “कोरोना काल में और अभी प्रदेश में फैले बुखार में सरकारी उपेक्षा के चलते उप्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की जर्जर हालत सबने देखी। सस्ते व अच्छे इलाज के लिए घोषणापत्र समिति की सहमति से यूपी कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर ‘कोई भी हो बीमारी मुफ्त होगा 10 लाख तक इलाज सरकारी।“ इससे पहले प्रियंका गांधी ने चुनाव जीतकर कांग्रेस की सरकार बनने पर यूपी की बेटियों को ग्रेजुएशन लेवल पर स्कूटी और हाईस्कूल लेवल पर लैपटॉप देने की घोषणा की थी।
दरअसल, यूपी में कांग्रेस की हालत बहुत खराब है। पिछले विधानसभा चुनाव में उसके सिर्फ 7 विधायक चुने गए थे। इनमें से 2 ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। प्रियंका भले ही कांग्रेस के लिए जी-जान एक कर रही हों, लेकिन पार्टी की जमीनी हालत कैसी है ये इसी से समझा जा सकता है कि बीते दिनों खुद प्रियंका के एक सलाहकार ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया।
बीजेपी भी लगातार प्रियंका पर निशाना साध रही है। दरअसल, कांग्रेस शासित राज्यों राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान तो मचा ही है। साथ ही वहां अपराध भी जमकर हो रहे हैं। प्रियंका अब तक यूपी में अपराधों को आधार बनाकर सियासत करती रही हैं। बीजेपी उनके हर ऐसे कदम पर राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हो रहे महिला विरोधी अपराधों का मुद्दा उठाकर घेरती है।
