अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने छापेमारी के बाद की कार्रवाई
नई दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के चंडीगढ़ स्थित आवास पर विजिलेंस विभाग की टीम ने छापेमारी के बाद उनको गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस टीम ने नशा विरोधी अभियान के तहत पंजाब में 25 अलग अलग जगहों पर छापा मारा। ब्रिकम मजीठिया से जुड़े अमृतसर के 9 ठिकानों में भी रेड डाली गई। मजीठिया को जब विजिलेंस टीम ले जा रही थी तब उन्होंने कहा, देखिए कितने अधिकारी मुझे ले जाने के लिए यहां आए हैं। मुझे नहीं पता कि मेरे घर में कुछ रखा गया था या नहीं, लेकिन बेचैनी देखिए, कुछ लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया गया और फिर पुलिस मुझे यहां ले आई।
इससे पहले मजीठिया ने कहा था कि पंजाब की भगवंत मान सरकार मुझे जबरन ड्रग्स मामले में फंसाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों पर बात की है और आगे भी करता रहूंगा, इस प्रकार की कार्रवाई से मेरी आवाज बंद नहीं होगी। उधर, शिरोमणि अकाली दल नेता दलजीत सिंह चीमा ने आप सरकार को घेरते हुए कहा कि यह बदले की कार्रवाई है। पहले भी मजीठिया को ड्रग्स मामले में फंसाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन आज तक कुछ साबित नहीं हुआ। मजीठिया को बिना सबूत के लंबे समय तक जेल में रखा गया। अब जब सरकार खुद भूमि नीति घोटाले में फंसी है और केजरीवाल पर सीधे आरोप लग रहे हैं, तो वो इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए यह नाटक कर रहे हैं।
चीमा ने कहा कि संविधान की तथाकथित हत्या के लिए आज का दिन चुना है और इंदिरा गांधी की नीति को दोहरा रहे हैं। दूसरी तरफ इस मामले में अमृतसर उत्तर सीट से आप विधायक कुंवर विजय प्रताप ने ब्रिकम मजीठिया के आवास पर छापेमारी को लेकर अपनी ही सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हर किसी के परिवार की गरिमा का सम्मान होना चाहिए। सुबह के वक्त किसी के घर पर छापेमारी करना नैतिक रूप से अनुचित है।
