तमिलनाडु की विजय सरकार को गिराने की साजिश का खुलासा, विधायक को 35 करोड़ का ऑफर, तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली। तमिलनाडु में जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार को गिराने की साजिश का खुलासा हुआ है। टीवीके विधायक एन. एलैयाराजा ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन्होंने दावा किया कि सरकार को अस्थिर करने और विधायी प्रस्ताव पर सरकार के खिलाफ वोट करने के लिए उनको 35 करोड़ रुपए का ऑफर एक कंसल्टेंसी फर्म की ओर से दिया गया था। टीवीके विधायक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कंसल्टेंसी फर्म से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, टीवीके विधायक एन. एलैयाराजा ने बताया कि थिरुनावुक्कारासु नाम के एक शख्स ने उनसे संपर्क किया। उसने बताया कि वह ‘इंडियन पॉलिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रैटेजीज’ (IPDS) नाम की एक ओपिनियन पोलिंग संस्था चलाता है। उसने यह भी बताया कि वो एक पॉलिटिकल पार्टी के नेताओं के कहने पर उनसे संपर्क कर रहा है। उसने विधानसभा अध्यक्ष और टीवीके नेता जेसीडी प्रभाकर के खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव में विशेष तरीके से मतदान करने को कहा और इसके बदले में 35 करोड़ रुपए का ऑफर दिया। बात न मानने पर और बातचीत को गुप्त रखने के लिए धमकी भी दी गई। इसके अलावा टीवीके 15 विधायकों का एक साथ इस्तीफा कराकर सरकार को गिराने की योजना भी इसमें शामिल थी।
पुलिस ने थिरुनावुक्कारासु के साथ-साथ नरेश और त्यागराजन को गिरफ्तार किया है। जांच में यह बात सामने आई है कि डीएमके सरकार में मंत्री रहे चुके कोयंबटूर दक्षिण के मौजूदा विधायक वी. सेंथिल बालाजी के भाई वी. अशोक कुमार की चेन्नई में नरेश मुलाकात हुई थी। इस तरह से इस मामले के तार डीएमके से जुड़ने नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि अभी दो दिन पहले ही पूर्व सीएम और डीएमके प्रमुख स्टालिन ने दावा किया था कि विजय की सरकार बहुत जल्द गिरने वाली है।
