April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गोपाल खेमका हत्याकांड के आरोपी का पुलिस ने किया एनकाउंटर

बिहार का चर्चित गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने पहला एनकाउंटर किया है। पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई और गोपाल खेमका हत्याकांड का आरोपी विकास उर्फ ​​राजा मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। जानकारी के अनुसार विकास अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री में संलिप्त था। अधिकारियों के अनुसार, गोपाल खेमका की हत्या के समय वह शूटर उमेश के साथ भी था। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध विकास उर्फ ​​राजा (29) कई अन्य आपराधिक मामलों में भी वांछित था। एक अधिकारी ने बताया कि हत्या मामले की जांच कर रहे अधिकारियों की टीम गुप्त सूचना के आधार पर विकास की तलाश में देर रात करीब दो बजकर 25 मिनट पर दमरिया घाट पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस कर्मियों को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और गोलियां भी चलाईं। अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें वह मारा गया।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को कोई चोट नहीं आई है। अधिकारी ने बताया कि मौके से एक पिस्तौल एवं कारतूस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आशंका है कि विकास ने ही खेमका की हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार मुहैया कराया था।’’ पुलिस ने पहले ही उमेश राय नामक बंदूकधारी को गिरफ्तार कर लिया है और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिस पर सुपारी देकर हत्या कराने का संदेह है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘भाड़े के हत्यारे को पटना से गिरफ्तार किया गया। मामले में जांच जारी है। हम उचित समय पर और जानकारी साझा करेंगे।’’ खेमका की शुक्रवार सुबह पटना के गांधी मैदान इलाके में उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे की सात साल पहले हाजीपुर में हत्या कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *