February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मैथिली ठाकुर अलीनगर विधानसभा सीट से लड़ सकती हैं चुनाव

नई दिल्ली। बिहार की लोक गायिका मैथिली ठाकुर औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गई हैं। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पटना में मैथिली ठाकुर को पार्टी की सदस्यता दिलाई। मैथिली को बीजेपी दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है, हालांकि मैथिली ने अपने गृह क्षेत्र बेनीपट्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। अभी हाल ही में मैथिली की बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही उनके बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं।

मैथिली के साथ ही लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के विधायक भरत बिन्द भी बीजेपी में शामिल हुए हैं। वहीं चुनाव लड़ने के सवाल पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि जो मेरे मन में था, वह मैं पहले ही बता चुकी हूं। मेरा चुनाव लड़ना उद्देश्य नहीं है, टिकट को लेकर मेरी कोई बात नहीं हुई है, पार्टी जो भी आदेश देगी उसे मैं मानूंगी। आपको बता दें कि मैथिली ठाकुर को अलीनगर सीट से टिकट दिए जाने की अटकलें लगने के बाद वहां से मौजूदा बीजेपी विधायक मिश्री लाल यादव ने हाल ही में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस बात से यह लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी अलीनगर से मैथिली को चुनाव मैदान में उतारेगी।

संभवत: बीजेपी की अगली लिस्ट में मैथिली का नाम होने की उम्मीद की जा रही है। आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मैथिली ठाकुर को स्टेट आइकॉन नियुक्त किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैथिली ठाकुर को कंटेंट क्रिएटर्स अवॉर्ड से सम्मानित कर चुके हैं। मैथिली आज भारत ही नहीं विदेशों में भी लोकगायन के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने जाती हैं। मैथिली के दो भाई भी हैं जो वाद्य यंत्र बजाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed