ढाका। पूर्व पीएम शेख हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का एलान किया है। इससे पहले बांग्लादेश में लगातार हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। बांग्लादेश के कई इलाकों में आगजनी, बम धमाके और हमले किए जाने की खबरें हैं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार चला चुके मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी उपद्रव में फूंके जाने की खबर है। बांग्लादेश में हो रही हिंसा की घटनाओं ने पीएम तारिक रहमान की सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खबरों के मुताबिक बांग्लादेश के चटगांव के पंचलैश इलाके में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। मोहम्मद यूनुस के स्थापित ग्रामीण बैंक की कई ब्रांचों में भी आगजनी की गई। ढाका में सत्तारूढ़ बीएनपी के कार्यकर्ताओं पर शेख हसीना की अवामी लीग के दो नेताओं के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी का आरोप है। फरीदपुर और फिरोजपुर में हिंसा की घटनाओं में बीएनपी के एक नेता और बस में काम करने वाले की मौत हुई है। खबरों के मुताबिक बीते दो दिन में बांग्लादेश में उपद्रवों का दायरा बढ़ा है। बांग्लादेश के 64 में से 28 जिलों से हिंसा की खबर है। बमबाजी और वाहनों को आग लगाने की तमाम घटनाएं इस दौरान हुई हैं।
बांग्लादेश के हिंसाग्रस्त इलाको में सीमा की सुरक्षा करने वाले बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (बीजीबी) के जवानों को तैनात करना पड़ा है। बांग्लादेश के गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि उपद्रवियों के खिलाफ कोर्ट में ऑडियो और वीडियो सबूत कोर्ट में इस्तेमाल किए जाएंगे। अवामी लीग ने आज बांग्लादेश में लॉकडाउन का एलान किया है। पिछले साल 19 नवंबर को ही शेख हसीना को एक कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी। जिसका विरोध करते हुए अवामी लीग ने इस देशव्यापी लॉकडाउन का एलान किया है। ढाका पुलिस ने अवामी लीग के लॉकडाउन के मद्देनजर करीब 600 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें शेख हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी हैं। वहीं, पीएम तारिक रहमान ने अवामी लीग की सियासत में वापसी को रोकने के लिए लोकतंत्र को मानने वाले सभी दलों से एकजुटता की अपील की है।
