निमिषा प्रिया को कानूनी सहायता दिलाने के लिए वकील नियुक्त, भारत मित्र देशों के संपर्क में, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
नई दिल्ली। यमन की जेल में बंद भारतीय नर्स निमिषा प्रिया के मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया है कि भारत सरकार इस केस में हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। निमिषा के परिवारवालों और यमन के स्थानीय नागरिकों के हम लगातार संपर्क में हैं। परिवार की मदद के लिए एक वकील भी नियुक्त किया है। हम मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। इस मामले में भारत कुछ मित्र देशों की भी मदद ले रहा है। यमन के एक नागरिक की हत्या के आरोप में निमिषा को 16 जुलाई को फांसी होनी थी जो भारत के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल टाल दी गई है।
नाटो प्रमुख की धमकी पर रणधीर जायसवाल का जवाब
नाटो प्रमुख मार्क रूट की उस धमकी पर जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर कड़े प्रतिबंध लग सकते हैं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जवाब दियाा, इस विषय और घटनाक्रम पर हम पैनी नजर रख रहे हैं। मैं दोहराना चाहता हूं कि हमारे लोगों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रयास में, हम बाज़ार में उपलब्ध चीजों और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के अनुसार ही काम करेंगे। हम इस मामले में किसी भी दोहरे मापदंड के प्रति विशेष रूप से आगाह करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल प्रेस वार्ता के दौरान रूस-भारत-चीन प्रारूप के पुनरुद्धार के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि यह एक परामर्श प्रारूप है जहाँ तीन देश आपस में मिलकर अपने-अपने हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं। रूस-भारत-चीन प्रारूप के पुनरुद्धार पर दोनों देशों के बीच पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तरीके से काम किया जाएगा। SCO शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा की संभावनाओं के बारे में जायसवाल ने कहा कि बैठक कुछ महीने बाद होने वाली है। देशों की भागीदारी आपसी सुविधानुसार तय की जाएगी। हम उचित समय पर इस संबंध में सभी को सूचित करेंगे।
