देहरादून। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सेना के अग्निवीरों के बारे में बड़ा एलान किया है। पुष्कर सिंह धामी ने इंटरनेशनल टाइगर डे पर कहा है कि उत्तराखंड में बनाए जाने वाले टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में अग्निवीरों को सीधी तैनाती दी जाएगी। उत्तराखंड के प्रस्तावित टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में 81 पद होंगे। सीएम धामी ने कहा कि इन सभी पदों पर अग्निवीरों की ही भर्ती की जाएगी। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में अग्निवीरों की भरती से बाघों के संरक्षण की कोशिश में मजबूती मिलेगी। साथ ही सेना में सेवा पूरी करने वाले अग्निवीर को भी रोजगार मिलेगा।
सीएम धामी ने कहा कि अग्निवीरों को उत्तराखंड की सरकारी नौकरी में 10 फीसदी क्षैतिज आरक्षण देने के लिए भी नीति बन रही है। सीएम धामी ने कहा कि टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स बनने से उत्तराखंड में बाघों के संरक्षण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा। इससे बाघ के अवैध शिकार पर भी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर जंगलों में गश्त कर खुफिया जानकारी लेंगे और शिकारियों पर कड़ी कार्रवाई भी करेंगे। टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स बनने से जंगल से लकड़ी की तस्करी, अवैध खनन और अतिक्रमण भी रुकेगा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स अवैध कटान और बाघों के आवास को नुकसान से भी बचाएगा।
उत्तराखंड के सीएम ने कहा कि बाघ कई बार इंसानी आबादी में आते हैं। इससे इंसान और जानवरों के बीच संघर्ष होता है। उन्होंने कहा कि टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स को ऐसे हालात से भी निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे इंसान और बाघों को नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स को थर्मल इमेजिंग, जीपीएस यंत्र और ड्रोन भी दिए जाएंगे। सीएम धामी ने कहा कि अग्निवीरों की भर्ती से सकारात्मक माहौल बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स अगर सफल रहा, तो देश के अन्य टाइगर सेंचुरी में इसे अपनाया जा सकता है।
