मुख्यमंत्री तिरथ सिंह रावत ने डीआरडीओ की ओर से बनाए गए 500 बेड के अस्थायी कोविड केयर सेंटर का शुभारंभ किया
ऋषिकेश, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तिरथ सिंह रावत ने ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में डीआरडीओ की ओर से बनाए गए 500 बेड के अस्थायी कोविड केयर सेंटर (रायफल मैन जसवंत सिंह रावत, एम.वी.सी.) का आज शुभारंभ किया।
यहां ब्लैक फंगस का भी उपचार किया जाएगा, जिसके लिए सेंटर में एक विशेष कक्ष तैयार किया गया है। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए बच्चों के उपचार के लिए भी कोविड केयर सेंटर में एक वार्ड आवश्यक सुविधाओं से युक्त है।
कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में तेजी से वृद्धि की गई है। प्रदेश में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, आईसीयू एवं ऑक्सीजन बेड की पर्याप्त उपलब्धता है। जल्द ही हल्द्वानी में भी 500 बेड का कोविड केयर सेंटर बनकर तैयार हो जाएगा।
इस कोविड केयर सेंटर के शुरू होने से राज्य के कोरोना मरीजों को काफी राहत मिलेगी। इस कोविड केयर सेंटर की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री तिरथ सिंह रावत ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी का हृदय से आभार व्यक्त किया ।
- ब्यूरो दीपक गुप्ता की रिपोर्ट
